लोहरदगा. समाहरणालय सभाकक्ष में शनिवार को उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में कृषि एवं संबद्ध विभागों की समीक्षा बैठक हुई. उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि सुनिश्चित करने और योजनाओं का लाभ योग्य लाभुकों तक पहुंचाने का निर्देश दिया.
वर्षापात की समीक्षा करते हुए छूटे प्रखंडों में वर्षापात मापक यंत्र उपलब्ध कराने को कहा गया. खरीफ-2026 में धान, मक्का व मोटे अनाज के लक्ष्य, आच्छादन और बीज वितरण की समीक्षा की गयी. संकर धान का लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया गया. केसीसी 2026-27 के तहत रबी फसल के लिए अक्टूबर में शिविर लगाकर अधिक आवेदन लेने को कहा गया.
मिट्टी जांच प्रयोगशालाओं में नमूनों की जांच में तेजी लाने का निर्देश दिया गया. फसल सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, झारखंड मिलेट मिशन, पीएम कुसुम योजना और डिजिटल क्रॉप सर्वे का प्रचार बढ़ाने को कहा गया.
मत्स्यपालकों और योग्य किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाने का भी निर्देश दिया गया. बैठक में डीडीसी राज महेश्वरम, कालेन खलखो, वशिष्ठ सिंह, रमेश उरांव, प्रीसेती भार्गवी, महितोष पाण्डेय समेत अधिकारी व कर्मी मौजूद थे.
