भंडरा, लोहरदगा: पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब की पैदाइश की खुशी में बुधवार को जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी का त्योहार श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया. इस अवसर पर भंडरा प्रखंड में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया. जुलूस की शुरुआत नौडीहा चौक से हुई. इसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए. पूरे मार्ग में नात-ए-पाक और सलाम के स्वर गूंजते रहे.
अमन और भाईचारे का संदेश देने का लिया संकल्प
जुलूस विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा. इसमें शामिल अकीदतमंदों ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के बताए अमन, भाईचारे, इंसानियत और मोहब्बत के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया. जुलूस को लेकर युवाओं और बच्चों में भी खासा उत्साह देखा गया.
जुलूस में शामिल लोगों ने एक-दूसरे को ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी. विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों ने जुलूस का स्वागत किया. कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि हजरत मोहम्मद साहब का जीवन पूरी मानवता के लिए प्रेम, शांति, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देता है. उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में आपसी सौहार्द और सामाजिक एकता को मजबूत किया जा सकता है.
सुरक्षा और यातायात को लेकर पुलिस रही मुस्तैद
आयोजन को लेकर स्थानीय प्रशासन की ओर से विशेष तैयारियां की गयी थीं. सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन एवं आयोजकों की ओर से आवश्यक प्रबंध किये गये. भंडरा पुलिस जुलूस के दौरान यातायात एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तत्पर रही.
जुलूस के सफल आयोजन में स्थानीय अकीदतमंदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आयोजन समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. जुलूस के दौरान पूरा क्षेत्र धार्मिक उत्साह और आपसी भाईचारे के रंग में रंगा नजर आया.
