लोहरदगा. केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों ने सोमवार को लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत से उनके आवास पर मुलाकात की. समिति के पदाधिकारियों ने सांसद सुखदेव भगत एवं पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष अनुपमा भगत का अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया. इस दौरान दुर्गा पूजा महोत्सव 2026 की तैयारियों की जानकारी देते हुए पूजा के प्रमुख कार्यक्रमों में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया.
भव्य आयोजन की तैयारी
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष लोहरदगा में दुर्गा पूजा को भव्य रूप देने की तैयारी की जा रही है. शहर के विभिन्न पूजा पंडालों में आकर्षक साज-सज्जा के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम और श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं.
प्रमुख कार्यक्रमों में शामिल होने का प्रयास
सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति हर वर्ष लोहरदगा में भाईचारे, आस्था और एकता के साथ दुर्गा पूजा का आयोजन करती है. उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा धार्मिक आयोजन के साथ संस्कृति, शक्ति और सत्य की जीत का प्रतीक भी है. उन्होंने मां दुर्गा से लोहरदगा सहित पूरे क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि और भाईचारा बनाए रखने की प्रार्थना की.
उन्होंने कहा कि व्यस्तता के कारण हर कार्यक्रम में उपस्थित होना संभव नहीं हो पाता है, लेकिन इस बार प्रमुख कार्यक्रमों में शामिल होने का पूरा प्रयास रहेगा. उन्होंने समिति को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया.
मौके पर समिति के अध्यक्ष रमेश साहू, कार्यकारी अध्यक्ष नितेश प्रजापति, रोहित साहू, डब्लू राय, नीरज साहू, मिथिलेश वर्मा, गोलू सिंह, बसंत साहू सहित समिति के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे.
