लोहरदगा. उपायुक्त-सह-अध्यक्ष जिला पुस्तकालय समिति संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में जिला पुस्तकालय समिति की बैठक हुई. इसमें नदिया स्थित जिला पुस्तकालय में अध्ययन के लिए आने वाले छात्र-छात्राओं को बेहतर अध्ययन वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी. बैठक में पुस्तकालय की व्यवस्था सुधारने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये.
पुस्तकालय में अध्ययन के लिए लगेगा निर्धारित शुल्क
बैठक में निर्णय लिया गया कि जिला पुस्तकालय में अध्ययन के लिए आने वाले युवक-युवतियों से प्रतिमाह निर्धारित शुल्क लिया जायेगा. इसके अलावा पुस्तकालय के संचालन और व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने के लिए बैंक खाता खोलने का निर्णय लिया गया.
उपायुक्त ने पुस्तकालय की लाइब्रेरियन को आवश्यक पुस्तकों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. इससे विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं की जरूरत के अनुसार पुस्तकें उपलब्ध करायी जा सकेंगी.
कैंटीन, रात्रि प्रहरी और आरओ वाटर की होगी व्यवस्था
बैठक में पुस्तकालय परिसर में कैंटीन का संचालन शुरू कराने का निर्णय लिया गया. भवन की सुरक्षा के लिए रात्रि प्रहरी की व्यवस्था करने, परिसर में पेवर ब्लॉक लगाने और अध्ययन के लिए आने वाले विद्यार्थियों तथा अन्य पाठकों को पहचान पत्र उपलब्ध कराने पर भी सहमति बनी.
इसके अलावा पुस्तकालय परिसर में आरओ वाटर फिल्टर लगाने का निर्णय लिया गया. साफ-सफाई, सुरक्षा, मूलभूत सुविधाओं और अध्ययन के अनुकूल वातावरण को बेहतर बनाने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये.
बैठक में परियोजना निदेशक आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, जिला शिक्षा पदाधिकारी दास सुनंदा चंद्रमौलेश्वर, जिला पुस्तकालय की लाइब्रेरियन सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.
