लोहरदगा. जिला गायत्री परिवार ट्रस्ट लोहरदगा का पुनर्गठन कर नये ट्रस्ट मंडल का गठन किया गया है. 12 जुलाई को स्थानीय गायत्री शक्तिपीठ में जोन, उपजोन, जिला समन्वय समिति और सक्रिय परिजनों की उपस्थिति में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत सदस्यों का चयन किया गया था. इसके बाद गठित ट्रस्ट मंडल, चार प्रबंधन समितियों और कार्यकारिणी के गठन को शांतिकुंज हरिद्वार से अनुमोदन मिल गया है.
शांतिकुंज हरिद्वार द्वारा पांच अगस्त को जारी किया था पत्र
श्री वेदमाता गायत्री ट्रस्ट, शांतिकुंज हरिद्वार द्वारा पांच अगस्त को जारी पत्र में इस पुनर्गठन को आधिकारिक स्वीकृति प्रदान की गयी है. पत्र में नवगठित ट्रस्ट मंडल को उनके उत्तरदायित्वों के निर्वह्न को लेकर शक्ति-संरक्षण एवं मार्गदर्शन की कामना की गयी है. पुनर्गठित ट्रस्ट मंडल में प्रतिमा देवी को मुख्य प्रबंध ट्रस्टी तथा अजय कुमार मित्तल को सहायक प्रबंध ट्रस्टी बनाया गया है. इसके अलावा निर्मला देवी, रेखा अग्रवाल, ईश्वर महतो, दिलीप साहू, ममता देवी, सौरभ केशरी, श्यामा मिश्रा, किरण गुप्ता और घनेश्वर साहू को ट्रस्टी की जिम्मेदारी सौंपी गयी है.
ये भी पढ़ें: लोहरदगा : 40 वर्षों से बदहाल सड़क निर्माण की मांग को लेकर सैकड़ों ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
भविष्य की योजनाओं को क्रियान्वित करने का आह्वान
शांतुकुंज की ओर से सभी नवनियुक्त ट्रस्टियों से गायत्री परिवार के रचनात्मक एवं सुधारात्मक कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने तथा नियमित बैठकों के माध्यम से भविष्य की योजनाओं को क्रियान्वित करने का आह्वान किया गया है. साथ ही, गुरुदेव के विचारों से जुड़कर संगठन को सुदृढ़ बनाने की शुभकामना दी गयी है. इस पुनर्गठन से स्थानीय स्तर पर गायत्री परिवार के कार्यों को नयी गति मिलने की पूरी उम्मीद है. आगामी समय में धार्मिक, नैतिक, बौद्धिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जायेगा.
