कृषि व मत्स्य योजनाओं का उपायुक्त ने किया निरीक्षण

लोहरदगा के उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने सेन्हा और भंडरा प्रखंड में कृषि, मत्स्य पालन योजनाओं और किसानों की प्रगति का जायजा लिया।

लोहरदगा: उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी संदीप कुमार मीना ने शनिवार को सेन्हा एवं भंडरा प्रखंड का भ्रमण कर कृषि एवं मत्स्य विभाग की विभिन्न योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने लाभुक किसानों से संवाद कर खेती, उत्पादन, बाजार, आय और विभागीय सहयोग की जानकारी ली. उपायुक्त ने किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीक अपनाकर उत्पादन और आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया.

सेन्हा प्रखंड के तोड़ार पंचायत अंतर्गत चटकपुर गांव में उन्होंने प्रगतिशील किसान रामजीत महतो की करीब छह एकड़ भूमि में हो रही खेती का जायजा लिया. किसान किसान समृद्धि योजना एवं टपक सिंचाई योजना का लाभ लेकर टमाटर, बैंगन, गन्ना, लौकी, बीन समेत विभिन्न फसलों की खेती कर रहे हैं. उपायुक्त ने उत्पादन और बाजार की स्थिति की जानकारी लेते हुए किसान के प्रयासों की सराहना की.

मड़ुआ बीज उत्पादन का लिया जायजा

भंडरा प्रखंड के मसमानो पंचायत के बुड़का गांव में 12 किसानों द्वारा एनएफएसएनएम-न्यूट्री सीरियल योजना के तहत करीब चार एकड़ में किये जा रहे मड़ुआ बीज उत्पादन का निरीक्षण किया. उन्होंने प्रशिक्षण सत्र का उद्घाटन करते हुए मड़ुआ के पोषण संबंधी महत्व की जानकारी दी. बताया कि योजना के तहत रागी उत्पादन के लिए किसानों को प्रति एकड़ तीन हजार रुपये का आर्थिक लाभ दिया जा रहा है.

भंडरा प्रखंड कार्यालय परिसर में उपायुक्त ने पीएम किसान समृद्धि योजना के तहत पांच लाभुक किसानों के बीच सोलर पंप सेट का वितरण किया. उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई से किसानों को सिंचाई सुविधा मिलने के साथ कृषि लागत कम करने में मदद मिलेगी.

बलसोता गांव में किसान रामदर्शन कुमार की करीब सात एकड़ भूमि में पीएम कुसुम एवं टपक सिंचाई योजना के सहयोग से हो रही खीरा, मिर्च, शिमला मिर्च और बीन की खेती का निरीक्षण किया. इसके बाद चट्टी गांव में मत्स्य विभाग की बायोफ्लॉक पोंड योजना का जायजा लिया. किसान पहलवान तिवारी द्वारा पांगेशियस मछली का उत्पादन किया जा रहा है. उपायुक्त ने मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए तकनीकी मार्गदर्शन और योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने का निर्देश दिया. मौके पर जिला कृषि पदाधिकारी कालेन खलखो, जिला मत्स्य पदाधिकारी, संबंधित बीटीएम समेत अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By गोपी कृष्ण

गोपी कृष्ण वर्तमान में ब्यूरो प्रमुख हैं. समाज में व्याप्त समस्याओं, भ्रष्टाचार, अंधविश्वास, महिला उत्पीड़न, पलायन को लेकर काम में रूचि है. बहुत काम किया है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >