लोहरदगा: राजकीयकृत प्लस टू चुन्नीलाल उच्च विद्यालय लोहरदगा के सभागार में शनिवार को अभिभावक-शिक्षक बैठक सह व्यावसायिक शिक्षा के तहत कौशल प्रतियोगिता एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डीडीसी राज महेश्वरम शामिल हुए. मौके पर वार्ड नंबर 18 की पार्षद संगीता कुमारी, बीआरपी नंदिता साहू, सीआरपी श्याम किशोर सिंह, विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष पूनम कुमारी सहित अन्य सदस्य मौजूद थे.
कार्यक्रम की शुरुआत प्रभारी प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार ने अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के साथ की. कला संकाय की छात्राओं ने स्वागत गान प्रस्तुत किया. इसके बाद पार्षद संगीता कुमारी ने डीडीसी को पुष्पगुच्छ देकर संबोधन के लिए आमंत्रित किया.
डीडीसी ने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की. उन्होंने कहा कि सभी विद्यार्थी रेल टेस्ट में अनिवार्य रूप से शामिल हों. उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन विद्यार्थियों की उपस्थिति 75 प्रतिशत से कम होगी या जो रेल टेस्ट में शामिल नहीं होंगे अथवा अनुत्तीर्ण होंगे, उन्हें बोर्ड परीक्षा का फॉर्म भरने की अनुमति नहीं दी जायेगी. उन्होंने विद्यार्थियों को टिफिन और पानी की बोतल साथ लाने तथा अनावश्यक रूप से विद्यालय से बाहर नहीं जाने की सलाह दी.
इस अवसर पर शत-प्रतिशत उपस्थिति वाले विद्यार्थियों तथा रेल टेस्ट में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया. वहीं कौशल प्रतियोगिता में सोनम यादव, अंकिता कुमारी व सादिक नूरी के ग्रुप ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. डीडीसी ने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया. मंच संचालन सरिता कुमारी एवं चंचल कुमारी ने किया.
