लोहरदगा. भाजपा के धरना-प्रदर्शन में पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही द्वारा सांसद सुखदेव भगत पर लगाये आरोपों पर कांग्रेस नेता सह इंटक अध्यक्ष आलोक कुमार साहू ने पलटवार किया है. उन्होंने आरोपों को तथ्यहीन और राजनीतिक कुंठा से प्रेरित बताया.
श्री साहू ने कहा कि यदि आरोप साबित करने का कोई प्रमाण नहीं है, तो भानु प्रताप शाही को लोहरदगा की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए. अन्यथा उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा कराया जायेगा.
श्री साहू ने कहा कि सांसद सुखदेव भगत ने हमेशा पारदर्शिता और ईमानदारी से काम किया है. उन्होंने भानु प्रताप शाही को चुनौती देते हुए कहा कि यदि सांसद द्वारा पैसे लेकर नौकरी देने का कोई प्रमाण है, तो उसे सार्वजनिक करें.
बिना प्रमाण आरोप लगाना उचित नहीं है. उन्होंने भानु प्रताप शाही के स्वास्थ्य मंत्री रहते दवा खरीद में कथित घोटाले और अन्य मामलों में हुई जांच व कानूनी कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि दूसरों पर उंगली उठाने से पहले उन्हें अपने कार्यकाल का हिसाब देना चाहिए.
