लोहरदगाः बॉक्साइट परिवहन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर लोहरदगा-गुमला ट्रक ऑनर एसोसिएशन की आम बैठक आठ सितंबर को आयोजित होगी. बैठक सुबह 10 बजे लोहरदगा के बक्शी डीपा स्थित एसोसिएशन कार्यालय में होगी. इसमें ऊपरपाट क्षेत्र की विभिन्न बॉक्साइट खदानों में परिवहन करने वाले ट्रक मालिकों से शामिल होने की अपील की गयी है.
वाहनों पर भारी जुर्माने का आरोप
एसोसिएशन के अध्यक्ष कंवलजीत सिंह ने बताया कि जिला खनन पदाधिकारी (डीएमओ) द्वारा आए दिन बॉक्साइट लदे वाहनों की जांच कर कार्रवाई की जा रही है. ट्रक मालिकों का आरोप है कि कई मामलों में वाहनों पर ढाई से तीन लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा रहा है. इससे ट्रक मालिकों के सामने आर्थिक परेशानी बढ़ गयी है.
ये भी पढ़ें- उग्रवादी संगठन JJMP के नाम से धमकी भरा पोस्टर बरामद, पुलिस जांच में जुटी
115 किमी की दूरी को 50 किमी दिखाने का आरोप
ट्रक मालिकों का यह भी आरोप है कि खदान से निर्धारित दूरी को कम दर्शाकर वाहनों को कम समय में गंतव्य तक पहुंचने का दबाव बनाया जा रहा है. एसोसिएशन के अनुसार, करीब 115 किलोमीटर की दूरी को महज 50 किलोमीटर दर्शाया जा रहा है और वाहन को तीन घंटे के भीतर गंतव्य तक पहुंचकर खाली करने का निर्देश दिया जाता है. निर्धारित समय में वाहन नहीं पहुंचने पर जुर्माना लगाने की बात कही जाती है.
बैठक में तय होगी आगे की रणनीति
एसोसिएशन ने कहा कि इन सभी समस्याओं पर आम बैठक में विस्तार से चर्चा की जायेगी. साथ ही ट्रक मालिकों की समस्याओं के समाधान के लिए आगे की रणनीति तय की जायेगी. जरूरत पड़ने पर आंदोलन की घोषणा भी की जा सकती है. एसोसिएशन ने ऊपरपाट क्षेत्र की बॉक्साइट खदानों में चलने वाले सभी ट्रक मालिकों से बैठक में अनिवार्य रूप से शामिल होने और अपनी समस्याएं रखने की अपील की है.
