आक्रोश में हैं ग्रामीण खाता धारक
कैरो/लोहरदगा : प्रखंड मुख्यालय स्थित बैंक ऑफ इंडिया का एक मात्र एटीएम महीनों से बंद है. इसके कारण ग्रामीणों को एटीएम से रुपया निकासी करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. प्रखंड मुख्यालय क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए दो बैंक एक बैंक ऑफ इंडिया और दूसरा झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक है. दोनों बैंको में प्रखंड क्षेत्र के लगभग 44 हजार ग्रामीणों का खाता है.
बैंक में रोजाना खाता धारकों का लंबी लाइन लगी रहती है. बैंक ऑफ इंडिया शाखा के समीप दो वर्ष पूर्व बैंक ऑफ इंडिया का एक एटीएम ग्राहकों के सुविधा के लिए लगाया गया था. परंतु एटीएम दो, तीन माह चलने के बाद लगभग डेढ़ वर्ष से खराब है. एटीएम के खराब होने के बाद एटीएम मशीन को बदलने की बात कह कर एटीएम मशीन की देखरेख करनेवाली कंपनी के लोग उठा कर ले गये.
एटीएम मशीन ले जाने के वक्त ग्रामीणों ने इसकी लिखित शिकायत शाखा प्रबंधक से की थी. लेकिन एटीएम को ठीक की बात शाखा प्रबंधक के द्वारा कहे जाने के बाद ग्रामीण मान गये. लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी एटीएम नहीं लगाये जाने से ग्रामीण खाता धारकों के बीच आक्रोश व्याप्त है.
