किस्को, लोहरदगा : किस्को प्रखंड के बगड़ू थाना क्षेत्र के मेरले गांव में चरहू नदी में डूबने से 12 वर्षीय अभिषेक कुजूर की मौत हो गयी. वह मेरले गांव निवासी इंजुस कुजूर का पुत्र था.
मिली जानकारी के अनुसार, अभिषेक अपने साथियों के साथ चरहू नदी में नहाने गया था. बारिश के कारण नदी में पानी का बहाव तेज था. नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव में बह गया. साथ में गये बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अभिषेक को पानी से बाहर निकाला.
परिजन आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल लोहरदगा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. अभिषेक की मौत की खबर मिलते ही मेरले गांव में मातम पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
