लोहरदगा : जिले के प्रत्येक परिवार को विद्युत का लाभ देने तथा आंगनबाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र, पंचायत भवन सहित सभी विद्यालयों में भी शत-प्रतिशत बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने को लेकर डीसी विनोद कुमार की अध्यक्षता में सौभाग्य योजना की समीक्षा की गयी. डीसी ने जिले में कार्यरत सभी एजेंसियों को छूट गये लोगों को पूरे प्लानिंग के साथ विद्युतीकरण की सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि कैंप के माध्यम से आवेदन प्राप्त करें.
विद्युतीकरण से छूटे एपीएल और बीपीएल परिवार का आंकड़ा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. समीक्षा में डीसी ने सबसे पहले पिछले बैठक में दिये गये टास्क की समीक्षा की, जिसमें पाया कि विभाग से विद्युतीकरण की गति काफी धीमी है. इस पर डीसी ने कार्यपालक अभियंता को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया. साथ ही सरकार द्वारा निर्धारित समय में कार्य पूर्ण नहीं होने पर सीधी कार्रवाई करने की बात कही. बैठक में उपायुक्त को कार्यपालक अभियंता ने गांव में बिजली पहुंचाने में आ रही समस्या से भी अवगत कराया.
इस पर डीसी ने समस्या के समाधान को लेकर अधिकारियों को निर्देशित किया. उपायुक्त ने लक्ष्य के विरुद्ध कार्य नहीं करने पर संबंधित एजेंसियों को चेतावनी देते हुए निर्देश दिया कि तय समय सीमा के अंदर कार्य पूर्ण नहीं होने की स्थिति में उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जायेगी. जिला में ग्राम स्वराज अभियान के तहत 154 गांवों में 15 अगस्त 2018 से पूर्व पूर्ण रूप से विद्युतीकरण किया जाना है. मौके पर बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता जेम्स कुजूर, कनिय अभियंता सुजीत कुमार सहित विभाग के अन्य कर्मी उपस्थित थे.
