लोहरदगा : राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस का आयोजन भंडरा प्रखंड के अकाशी पंचायत सचिवालय परिसर में किया गया. कार्यक्रम में डीसी विनोद कुमार सहित जिले के आलाधिकारी शामिल हुए. डीसी विनोद कुमार का स्वागत प्रखंड क्षेत्र की जल सहियाओं ने पारंपरिक तरीके से किया.
कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त व अतिथियों ने दीप प्रज्जवलित कर किया. मौके पर उपस्थित लोगों को स्वच्छता का संकल्प दिलाया गया. इस दौरान डीसी ने कहा कि सभी के समन्वय से ही बेहतर समाज संभव है. ऐसे में जनप्रतिनिधियों को अपने कर्तव्यों के प्रति गंभीर होने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि हम सबका उद्देश्य पंचायती राज व्यवस्था को सक्षम बनाना होना चाहिए. किस तरह पंचायतों को सशक्त और सबल बनाया जाये इसे लेकर हमें काम करने की जरूरत है.
उन्होंने कहा कि ग्राम सभा की आत्मनिर्भरता ही ग्रामीण विकास का आधार होना चाहिए. जिला परिषद अध्यक्ष सुनैना कुमारी ने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त बनाये बिना पंचायती राज व्यवस्था का मकसद पूरा नहीं हो सकता है. पंचायती राज को सुदृढ़ करके ही सही मायनों में महात्मा गांधी के स्वराज से सूराज के सपने को पूरा किया जा सकता है. डीडीसी श्री मंडल ने कहा कि पंचायत सचिवालय की भूमिका को विकास में अग्रणी बना कर ही वास्तविक पंचायती राज को लागू किया जा सकेगा. जिस उद्देश्य से पंचायती राज अधिनियम को बनाया गया है उसकी पूर्ति के लिए पंचायत सचिवालयों के अधिकार में वृद्धि करना होगा.
मौके पर ग्राम विकास गठन तथा आदिवासी ग्राम विकास के संबंध में परिचर्चा की गयी. स्थानीय जनप्रतिनिधियों, जल सहिया तथा ग्रामीणों की कम उपस्थिति पर डीसी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार संबंधित अधिकारी द्वारा नहीं किया गया. ग्रामीणों के विकास से संबंधित कार्यक्रमों में लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की बात उन्होंने कही.
मौके पर अपर समाहर्ता रंजीत कुमार सिन्हा, एसडीओ राज महेश्वरम, पंचायती राज पदाधिकारी मनीषा तिर्की, बीडीओ तेज कुमार हसा, सीओ नितिन शिवम गुप्ता, बीएचओ डाॅ मृत्युंजय कुमार, महीमा मिंज, सुरेंद्र सिंह, संजय भगत, बीस सूत्री प्रखंड अध्यक्ष राजकिशोर साहू, रंजीत भगत, घासू उरांव, प्रदीप कुमार, रामा महतो, महातम यादव, मृणाल कुमार, संजीत कुमार, प्रवीण कुमार, सूर्या भगत, रीना देवी व अन्य मौजूद थे.
