कुड़ू ( लोहरदगा ) : रांची जिले के चान्हो थाना, नरकोपी थाना तथा लोहरदगा जिले के कुड़ू थाना पुलिस के लिए सरदर्द बना कुख्यात अपराधी रोपना उरांव आखिरकार पुलिस के शिंकजे फंस गया. अपराधी को उसके सबसे सुरक्षित जोन उसके गांव सिंदवारटोली से पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार करते हुए इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर किया गया है . अपराधी रोपना के नाम का दहशत ठेकेदारों, व्यवसायियों मे इस कदर हावी था कि उसके नाम से रंगदारी उठाई जाती थी. अपराधी हमेशा बम तथा हथियार से लैस होकर चलता था. इसे पकड़ने के लिए तीनों थाना की पुलिस लगी हुई थी .
कैसे अपने ही घर मे घिरा अपराधी रोपना
रविवार को चान्हो थाना प्रभारी रूपेश कुमार सिंह को सूचना मिली कि अपराधी चान्हो थाना क्षेत्र के सिंदवारटोली निवासी स्व मनिया उरांव का पुत्र रोपना उरांव किसी घटना को अंजाम देने के फिराक में है .
पुलिस ने जाल बिछायी. चान्हो थाना प्रभारी रुपेश कुमार सिंह सिंदवारटोली में छापामारी करने सिविल ड्रेस में जवानों के साथ पहुंचे . सुबह लगभग दस बजे पुलिस सिंदवारटोली से लौट रही थी कि झिबरी मोड़ की तरफ से लूट की काले रंग की प्लसर मोटरसाइकिल (जेएच 01 यू 3930) में सवार होकर अपराधी काफी तेजी से जा रहा था .
सिंदवारटोली के समीप पुलिस वाहन से आमने-सामने हो गया. चान्हो थाना प्रभारी को देखते ही मोटरसाइकिल छोड़ पुलिस पर फायरिंग शुरू करते हुए भागने लगा. भागने के क्रम मे दो देशी केन बम पुलिस पर फेंका. दोनों फटा, लेकिन पुलिस को नुकसान नहीं हुआ.
आधा किलोमीटर तक पुलिस ने अपराधी का पीछा किया. दोनों तरफ से गोलियां चलनी शुरू होते ही गांव में अफरा-तफरी मच गयी. पुलिस की फायरिंग मे दो गोली एक कमर के नीचे छूकर निकल गयी, जबकि एक गोली बॉडी के पास लगते हुए निकल गयी.
गोली लगने से अपराधी रोपना गिर गया. पुलिस पहुंची तथा गंभीर रूप से घायल रोपना को ईलाज के लिए रांची रिम्स भेज दिया. मुठभेड़ की सूचना पाकर मांडर थाना प्रभारी रामनरायण सिंह, खलारी थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर राजीव रंजन, कुड़ू थाना प्रभारी सुधीर प्रसाद साहू, खालारी एसडीपीओ पुरुषोत्तम कुमार सिंह समेत भारी संख्या में पुलिस जवान पहुंचे तथा तलाशी अभियान शुरू किया गया. तलाशी के क्रम में मोटरसाइकिल पर बंधा एक जीवित बम, एक लूट की मोटरसाइकिल, एक देशी लोडेड कारबाइन, एक देशी पिस्टल समेत बम विस्फोट के अवशेष बरामद किये.
व्यवसायियों ने ली राहत की सांस
अपराधी रोपना उरांव का दशहत चान्हो , कुड़ू के ठेकेदारो , व्ययसायी , ईट भट्टा संचालको , क्रशर संचालकों में इस कदर हावी था कि रोपना के नाम से लोग डरते थे . रोपना की गिरफ्तारी के बाद सभी ने राहत की सांस ली है. अपराधी रोपना उरांव को चान्हो थाना पुलिस ने लुटपाट तथा हत्या के मामले मे पांच माह पहले गिरफ्तार कर रांची जेल भेजा था . दो माह पहले ही अपराधी रोपना जमानत पर रांची जेल से छूटकर आया था. अपराधी के पास से बरामद देशी बम को रांची झारखंड जगुआर से पहुंचे बम निरोधक दस्ते ने डिफ्यूज कर दिया.
अपराधियों का होगा सफाया : एसएसपी
अपराधी से पुलिस की मुठभेड़ तथा हथियार बरामद करने की सूचना पाकर रांची के सीनियर पुलिस अधीक्षक कुलदीप दिवेदी घटनास्थल पर पहुंचे . मुठभेड़ में शामिल चान्हो थाना प्रभारी रूपेश कुमार सिंह समेत सभी पुलिस जवानों की हौसला आफजाई करते हुए कहा कि रांची जिले को अपराधियों से मुक्त करने का अॉपरेशन शुरू कर दिया गया है. किसी भी अपराधी को नही छोड़ा जायेगा .
