डीसी ने मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा शौचालय निर्माण की समीक्षा की
लोहरदगा : उपायुक्त विनोद कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय के सभाकक्ष में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा शौचालय निर्माण की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में डीसी ने कहा कि अपेक्षित कार्य नहीं हो रहा है. जो समय सीमा निर्धारित की जा रही है उसके अंतर्गत कार्य नहीं हो रहा है.
उन्होंने कहा कि इसका मतलब आखिर क्या समझा जाये. संबधित कर्मचारियों का कार्य में मन नहीं लग रहा है या कार्य करना नहीं चाहते. जो कार्य नहीं करेंगे, वह कार्रवाई झेलने को तैयार रहें. बैठक में डीसी ने स्पष्टीकरण प्राप्त होने के बाद इस मामले में आगे की कार्रवाई करने की बात कही.
वहीं मनरेगा के अंतर्गत पूर्व में कराये गये कार्यों का श्रमिकों को देरी से भुगतान करने पर फटकार लगाते हुए ग्राम रोजगार सहित सचिव को भुगतान काट कर श्रमिकों का भुगतान कराने की बात कही. उन्होंने कहा कि कार्य में कोताही बरतने पर बख्शा नहीं जायेगा.
डीसी ने सभी बीडीओ, रोजगार सेवक, पंचायत सचिव को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि 14वें वित्त आयोग के माध्यम से सभी स्कूलों में हैंडवास यूनिट की स्थापना 15 दिनों के अंदर करें. डीसी ने बैठक में उपस्थित कर्मचारियों को मोबाइल साइलेंट मोड में रखने का निर्देश देने के बावजूद भी मोबाइल साइलेंट मोड में नही रहने के कारण सेन्हा प्रखंड के रोजगार सेवक माधो भगत से स्पष्टीकरण मांगा गया.
बैठक में अनुपस्थित रहने पर रोजगार सेवक शिवदयाल उरांव से स्पष्टीकरण पूछा गया. उपायुक्त ने मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के क्रम में कार्य में लापरवाही बरतनेवाले संबंधित पदाधिकारियों की क्लास ली तथा उन्हें अपनी कार्य संस्कृति में सुधार लाने का निर्देश दिया.
