लोहरदगा़ : समाहरणालय के सभागार में डीसी बिनोद कुमार की अध्यक्षता में मनरेगा व प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा की गयी. इस क्रम में पाया गया कि किसी प्रखंड के किसी गांव में दो योजनाएं नहीं चल रही है. गांव की संख्या से भी कम योजनाएं हैं. डीसी ने मनरेगा के तहत योजनाओं का संचालन नहीं होने पर काफी नाराज हुए.
बैठक में उन्होंने मनरेगा कर्मियाें से मनरेगा द्वारा योजना नहीं चलाये जाने पर असंतोष जाहिर करते हुए तत्काल योजनाएं संचालित करने का निर्देश दिया. उन्होने कहा कि जिस प्रखंड के गांव में दो योजनाएं नहीं चलेंगी, उस प्रखंड के बीडीओ पर कार्रवाई की जायेगी. बैठक में पंचायतों में संचालित योजनाओं की समीक्षा क्रमवार की गयी.
उन्होंने कहा कि मनरेगा के तहत कुआं, तालाब, शेड निर्माण का कार्य अविलंब शुरू करें. डीसी ने कहा कि यदि बीपीओ, एइ, जेइ कार्य में लापरवाही करता है, तो उस पर सीधी कार्रवाई होगी. बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, अांबेडकर आवास योजना, शौचालय निर्माण, कूप निर्माण, डोभा निर्माण व अन्य योजनाओं पर चर्चा की गयी. मौके पर सभी प्रखंडो के मनरेगा कर्मी मौजूद थे.
