प्रदुमन की तलाश में ट्रेन में छापामारी

दो लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस ने की घंटों पूछताछ जांच में मामला सही मिलने पर पुलिस ने दोनों को छोड़ा बिहार झारखंड स्पेशल एरिया कमेटी का सदस्य है प्रदुमन कोडरमा : कुख्यात माओवादी प्रदुमन शर्मा की तलाश में गुरुवार की रात कोडरमा पुलिस ने एक यात्री ट्रेन में छापेमारी की. इस दौरान प्रदुमन […]

दो लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस ने की घंटों पूछताछ
जांच में मामला सही मिलने पर पुलिस ने दोनों को छोड़ा
बिहार झारखंड स्पेशल एरिया कमेटी का सदस्य है प्रदुमन
कोडरमा : कुख्यात माओवादी प्रदुमन शर्मा की तलाश में गुरुवार की रात कोडरमा पुलिस ने एक यात्री ट्रेन में छापेमारी की. इस दौरान प्रदुमन शर्मा के होने के संदेह के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया. यही नहीं प्रदुमन की जैसी कद-काठी वाले व्यक्ति के साथ चल रहे एक अन्य व्यक्ति को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया. आधी रात पुलिस द्वारा इस तरह ट्रेन में की गयी छापामारी से यात्रियों में हड़कंप मच गया. बाद में पुलिस अधिकारियों ने हिरासत में लिए गये दोनों लोगों से घंटों लंबी पूछताछ की. प्रदुमन के होने का संदेह पर पकड़े गये व्यक्ति के परिवार वालों का सत्यापन करने के बाद मामला गलत पाये जाने पर शुक्रवार शाम को दोनों को छोड़ दिया गया.
जानकारी के अनुसार गुरुवार की देर रात करीब 10 बजे पुलिस पदाधिकारियों को सूचना मिली कि बिहार झारखंड स्पेशल एरिया कमेटी सदस्य प्रदुमन शर्मा अपने एक अन्य साथी के साथ 13307 गंगा सतलज लुधियाना एक्सप्रेस में धनबाद की ओर से आ रहा है. इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने लुधियाना एक्सप्रेस के एसी बोगी में कोडरमा स्टेशन पर जांच अभियान चलाया. एसी बोगी में अचानक हुई इस जांच के बाद यात्रियों में हड़कंप मच गया. पुलिस ने सूचना के आधार पर एसी बोगी से दो लोगों को हिरासत में लिया.
जिस व्यक्ति को प्रदुमन शर्मा के होने के संदेह पर पकड़ा गया उसका भी एक हाथ नहीं था. ऐसे में पुलिस का शक और गहरा हो गया और पुलिस ने इस यात्री के साथ चल रहे एक अन्य व्यक्ति को भी हिरासत में ले लिया. हिरासत में लिए जाने के बाद पदाधिकारियों ने पूरी रात व शुक्रवार को दिन में दोनों के संबंध में सत्यापन की शुरुआत की. घंटों चले जांच के दौरान पकड़े गये व्यक्ति के सीतामढ़ी बिहार के होने की जानकारी सामने आयी. उसके एक पारिवारिक सदस्य के पुलिस में होने की जानकारी भी जांच में सामने आयी. पुलिस ने पूरी पुख्ता जानकारी मिलने के बाद हिरासत में लिए गये दोनों लोगों को छोड़ दिया.
25 लाख का इनामी माओवादी है प्रदुमन
पुलिस ने जिस प्रदुमन शर्मा की तलाश में आधी रात में ट्रेन में छापेमारी की उस पर बिहार व झारखंड के कई थानों में मामले दर्ज हैं. बिहार झारखंड स्पेशल एरिया कमेटी सदस्य प्रदुमन पर सरकार ने 25 लाख का इनाम घोषित कर रखा है. उसकी तलाश में कई जिलों की पुलिस लगी है, पर आज तक उसे पकड़ने में सफलता नहीं मिली है. बताया जाता है कि प्रदुमन का दाहिना आंख खराब है. साथ ही उसके दाएं हाथ का पंजा उड़ा हुआ है. वह कई बार अपना पहचान छुपा कर पुलिस को झांसा दे चुका है.
जहानाबाद का माओवादी प्रदुमन शर्मा कई नामों से है चर्चित
माओवादी संगठन में प्रदुमन शर्मा की पूरी पकड़ है. बताया जाता है कि वह पुलिस को चकमा देने के लिए बार-बार अपनी पहचान बदलते रहता है. उसके कई नाम सामने आये हैं. जांच में प्रदुमन को भुजाल जी, कुणाल जी, कुंदन जी, केएन सिंह, नकुल जी, लादेन जी सहित अन्य नाम से भी चर्चित होने की जानकारी पहले सामने आ चुकी है. ऐसे में पुलिस उसको गिरफ्तार करने के लिए माथापच्ची करती रही है. बावजूद इसके कोई विशेष सफलता हाथ नहीं लगी है. प्रदुमन शर्मा मूल रूप से बिहार के जिला जहानाबाद थाना हुलासगंज रुस्तमपुर का रहनेवाला है.
तिलैया थाना में दर्ज है दो मामला
प्रदूमन शर्मा के विरुद्व झारखंड बिहार के विभिन्न थाना में दर्जनों मामले दर्ज हैं. उसके विरुद्व तिलैया थाना में भी दो मामला दर्ज है. इनमें थाना कांड संख्या 231/15 व 210/16 शामिल है. गझंडी के पास रेल लाइन निर्माण में लगे वाहनों को जलाने सहित अन्य आरोप में ये मामला दर्ज है. इसके अलावा उसके विरुद्ध चौपारण में थाना कांड संख्या 112/16 दर्ज है. झारखंड के इन थानों के अलावा प्रदुमन के विरुद्ध बिहार के विभिन्न जिलों में कई मामले दर्ज हैं. वह जहानाबाद जेल ब्रेक कांड में भी शामिल रहा है.
कुख्यात माओवादी प्रदुमन शर्मा के होने के संदेह में ट्रेन में जांच की गयी. इस दौरान दो लोगों को हिरासत में लिया गया. सत्यापन में मामला सही नहीं पाये जाने पर हिरासत में लिए गये लोगों को छोड़ दिया गया है.
शिवानी तिवारी, एसपी कोडरमा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >