लोहरदगा : समाहरणालय के सभाकक्ष में डीसी विनोद कुमार की अध्यक्षता में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के सफल आयोजन को लेकर बैठक हुई. बैठक में उपायुक्त ने कहा कि गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह बलदेव साहू महाविद्यालय स्टेडियम में होगा. यहां 9.15 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया जायेगा. 26 जनवरी को प्रात: 8 बजे से 8.45 बजे तक महापुरुषों की प्रतिमाओं पर अधिकारियों द्वारा माल्यार्पण किया जायेगा.
इस क्रम में बाबा साहब भीम राव अांबेडकर, बिरसा मुंडा, वीर बुधु भगत, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, डॉ राजेंद्र प्रसाद, महात्मा गांधी एवं शहीद एसपी अजय कुमार सिंह की प्रतिमा पर अधिकारियों द्वारा माल्यार्पण किया जायेगा. उपायुक्त आवास में 7.45 बजे, समाहरणालय परिसर में 10.50 बजे, एसपी ऑफिस में 10.55 बजे, विकास भवन में 11 बजे, पुलिस लाईन में 11.05 बजे, अनुमंडल कार्यालय में 11.10 बजे, एसडीपीओ कार्यालय में 11.15 बजे एवं जवाहर नवोदय विद्यालय जोगना में 11.45 बजे ध्वजारोहण किया जायेगा. इसके अलावा सभी कार्यालय प्रधान अपने अपने कार्यालय में सुविधानुसार राष्ट्रीय ध्वज फहरायेंगे. 24 जनवरी को राष्ट्रीय ध्वज की सलामी एवं परेड का पूर्वाभ्यास किया जायेगा. परेड में जिला आरक्षी बल, जिला साधारण बल, राष्ट्रीय क्रेडिट कोर, उर्सुलाईन प्राथमिक शिक्षिका प्रशिक्षण महाविद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय जोगना, सरस्वती शिशु मंदिर एवं सरस्वती विद्या मंदिर, बालिका उच्च विद्यालय,कस्तुरबा बालिका उवि, उर्सुलाईन बालिका उवि, मंजूरमती उच्च विद्यालय, स्काउट गाईड लुथरन उवि, जिला पुलिस बल महिला बटालियन, संत मार्क्स स्कूल सेन्हा की टुकड़ियां भाग लेंगी. 26 जनवरी के मौके पर विभिन्न सरकारी, गैर सरकारी संस्थाओं द्वारा झांकी का प्रदर्शन किया जायेगा. बैठक में कहा गया कि जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया जायेगा. विभिन्न अधिकारियों को कई जिम्मेवारी भी दी गयी.
बैठक में एसपी राजकुमार लकड़ा, एसी रंजीत कुमार सिन्हा, एसडीओ राज महेश्वरम, सिविल सर्जन डॉ पैट्रिक टेटे, डीटीओ राजीव कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी मधुमति कुमारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी उर्मिला कुमारी, कार्यपालक दंडाधिकारी छंदा भट्टाचार्य, नवा बिहान जिला साक्षरता समिति के प्रतिनिधि, विभिन्न विद्यालयों के प्रधान सहित अन्य लोग मौजूद थे.
