लोहरदगा : 64 वां स्व शिव प्रसाद साहू राज्य स्तरीय ओपेन एथलेटिक प्रतियोगिता का समापन सोमवार को हुआ. इसके मुख्य अतिथि विधायक सुखदेव भगत, पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू, शेफाली साहू उपस्थित थे. समापन समारोह में विभिन्न खेलों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त करनेवाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया.
इस मौके पर अतिथियों ने स्मृति पुस्तक का विमोचन किया. मौके पर मुख्य अतिथि धीरज प्रसाद साहू ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य स्तरीय ओपेन एथलेटिक प्रतियोगिता का आयोजन शिव प्रसाद साहू की स्मृति में कराया जाता है. वे खेल प्रेमी थे और खेल को ऊंचाइयों तक पहुंचाना चाहते थे. उन्होंने कहा कि खेलकूद की गतिविधियां हमारे शारीरिक एवं मानसिक उर्जा को समृद्ध करती है. इस तरह के आयोजनों का एक लक्ष्य हेाता है. युवाओं में खेल प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जाता है.
प्रतियोगिता में 1500 मीटर रेस, 400 मीटर रेस, 400गुना 100 मीटर रेस, अर्चरी, साइकिल रेस, डिस्कस थ्रो, हाइ जंप, लांग जंप, हर्डल सहित अन्य प्रतियोगिता संपन्न कराया गया. प्रतियोगिता में गुमला, बोकारो, सिसई, रांची, होटवार, सिंहभूम, गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, रामगढ़ जिलों के लगभग 750 खिलाड़ी भाग लिये. प्रतियोगिता में ऑल ओवर चैंपियन संत पात्रिक हाई स्कूल गुमला की टीम रही. प्रतियोगिता में ग्रुप चैंपियन ओमेन जूनियर में घाटोटांड़ बोकारो तथा सीनियर में घाटो टांड़ बोकारो की टीम विजेता रही. ब्वायज ग्रुप में डे बाेर्डिंग सिसई तथा जूनियर बालिका में संत पात्रिक हाई स्कूल गुमला की टीम विजेता रही.
व्यक्तिगत चैंपियनशीप में घाटोटांड़ बोकारो आसमान सुंडी, महिला वर्ग में संत जॉन डे बाेर्डिंग स्कूल की निशा कुमारी, जूनियर बालक वर्ग में लोहरदगा के रवि उरांव, जूनियर बालिका में डे बोर्डिंग सेंटर नवाटांड़ की आशा अंशु बारला को पुरस्कृत किया गया. इसके अलावा विभिन्न खेलों में बेहतर प्रदर्शन करनेवाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया. मौके पर संजय साहू, किरण माला साहू, सबिता साहू, दुर्गेश साहू, शैरी साहू, ओम प्रकाश सिंह, आलोक साहू, राजमोहन राम, ब्रजबिहारी प्रसाद, प्रो परमानंद अग्रवाल, जगमोहन साहू, त्रिवेणी दास, देवाशीष कार, अरुण वर्मा,मनोरमा एक्का, समेला भगत, साबिर खान, विजय जायसवाल, राजकिशोर महतो, शाहिद अहमद वेलू, किशोर कुमार वर्मा, निशिथ जायसवाल, मो जबारूल, ए रशीद खान, सलोमी लकड़ा, अजय प्रसाद सहित काफी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद थे.
