पवन पासवान की रिपोर्ट
मनिका (लातेहार). मनिका थाना क्षेत्र के सेमरी गांव में रविवार को सर्पदंश से आदिम जनजाति परहिया परिवार के लालधारी परहिया की मौत हो गयी. परिजनों के अनुसार, सांप के डसने के बाद लालधारी को तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक कराने लगे. इसमें काफी समय बीत गया.
हालत बिगड़ने पर ले गए अस्पताल
हालत बिगड़ने पर परिजन कुछ घंटे बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लातेहार भेज दिया.
झाड़-फूंक के बजाय तत्काल अस्पताल ले जाने की अपील
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है. पश्चिमी जिला परिषद सदस्य बलवंत सिंह ने अस्पताल पहुंचाने से लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराने तक पीड़ित परिवार की मदद की. पुलिस ने लोगों से सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाने की अपील की है.
