बरवाडीह़ प्रखंड अंतर्गत चपरी–मंजूरमरी रोड से कोयल नदी तट तक निर्माणाधीन सड़क में भारी अनियमितता का मामला सामने आया है. घटिया निर्माण कार्य से आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों ने शनिवार को कार्य स्थल पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और काम रुकवा दिया. ग्रामीणों के कड़े रुख की सूचना मिलने पर प्रखंड प्रमुख सुशीला कुमारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज प्रसाद, ईश्वरी सिंह और अतुल कुमार सिंह मौके पर पहुंचे. जनप्रतिनिधियों ने जब वस्तुस्थिति का जायजा लिया, तो ग्रामीणों की शिकायत सही पायी गयी. इंजीनियरों की जांच तक निर्माण पर लगी रोक : सड़क की गुणवत्ता में भारी कमी को देखते हुए प्रमुख ने तत्काल निर्माण कार्य बंद करने का निर्देश दिया है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक संबंधित विभाग के तकनीकी पदाधिकारी, सहायक अभियंता और कनीय अभियंता मौके पर पहुंचकर जांच नहीं करते, तब तक काम शुरू नहीं होने दिया जायेगा. ग्रामीणों का आरोप है कि संवेदक द्वारा निर्माण मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिससे सड़क पहली बारिश में ही उखड़ जायेगी. दिशा की बैठक में उठेगा मामला : प्रखंड प्रमुख सुशीला कुमारी ने कहा कि जनहित और सरकारी राशि के दुरुपयोग के मामले में कोई समझौता नहीं होगा. उन्होंने चेतावनी दी कि जांच में पुष्टि होने पर दोषी संवेदक और लापरवाह अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जायेगी. प्रमुख ने यह भी घोषणा की कि सड़क निर्माण में इस धांधली के मुद्दे को आगामी जिला स्तरीय दिशा समिति की बैठक में उठाया जायेगा. वर्तमान में ग्रामीणों के भारी विरोध के कारण कार्य पूरी तरह ठप पड़ा है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
