लातेहार. जिले में पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण मिट्टी के मकानों के गिरने का सिलसिला शुरू हो गया है. मंगलवार को नगर पंचायत क्षेत्र के बहेराटांड़ मुहल्ले में सोनी देवी का मकान बारिश के कारण ध्वस्त हो गया. मकान गिरने की सूचना मिलते ही नगर पंचायत की टीम मौके पर पहुंची और सोनी देवी, आयुष कुमार व काजल कुमारी को सुरक्षित रेलवे स्टेशन स्थित आश्रय गृह में पहुंचाया.
नगर पंचायत के धीरज कुमार गुप्ता ने बताया कि कार्यपालक पदाधिकारी राजीव रंजन के निर्देश पर कर्मियों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया. समय रहते परिवार के सदस्यों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया.
मनिका में भी बारिश से मकान गिरा
इधर, मनिका प्रखंड के डुमरटांड़ टोला निवासी नंदकिशोर लोहरा का मकान भी लगातार बारिश के कारण गिर गया. मकान गिरने के दौरान परिवार के सदस्यों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचायी. हादसे में घर में रखा खाद्य सामान, बर्तन, बक्सा और अन्य घरेलू सामग्री बर्बाद हो गयी. नंदकिशोर लोहरा के अनुसार, मकान गिरने से करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है. फिलहाल परिवार बेटे के घर में शरण लिये हुए है. मुखिया देवेंद्र कुमार कुजूर ने सरकारी प्रक्रिया के तहत पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है.
लोगों से सतर्क रहने की अपील
लगातार बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. जर्जर और कमजोर मकानों में रह रहे लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया है. प्रशासन ने आपात स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देने की अपील की है. बारिश से प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है.
