मो शमीम की रिपोर्ट
बालूमाथ (लातेहार). कोयला लदे हाइवा और ट्रकों की लगातार आवाजाही से बालूमाथ बाजार में जाम, धूलकण और जर्जर सड़क की समस्या बढ़ गयी है. इससे परेशान व्यवसायियों ने रविवार को बेसिक स्कूल परिसर में बैठक कर नाराजगी जतायी. व्यवसायियों ने समस्या का जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी.
मुख्य बाजार से गुजरते हैं भारी वाहन
व्यवसायियों ने बताया कि तुबैद, तेतरियाखांड और मगध कोलियरी से कोयला लेकर बड़ी संख्या में भारी वाहन बालूमाथ के मुख्य बाजार से गुजरते हैं. दिनभर हाइवा और ट्रकों की आवाजाही के कारण सड़क कई जगह से जर्जर हो गयी है. सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गये हैं. भारी वाहनों के गुजरने पर सड़क से धूल उड़ती है. इससे दुकानदारों और आसपास रहने वाले लोगों को काफी परेशानी हो रही है. व्यवसायियों के अनुसार कपड़ा दुकानों, शृंगार स्टोर और होटलों में रखे सामान भी धूल के कारण खराब हो रहे हैं.
जाम से कारोबार पर पड़ रहा असर
व्यवसायियों ने कहा कि लगातार जाम लगने से बाजार का कारोबार प्रभावित हो रहा है. आम लोगों को भी घंटों सड़क पर फंसे रहना पड़ता है. भारी वाहनों की आवाजाही के कारण बाजार में दिनभर यातायात का दबाव बना रहता है.
अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी को दिया आवेदन
व्यावसायिक संघ की ओर से अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी को आवेदन देकर सड़क की मरम्मत कराने, धूल पर नियंत्रण करने और जाम की समस्या से निजात दिलाने की मांग की गयी है.संघ ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर समस्या के समाधान के लिए ठोस पहल नहीं की गयी, तो व्यवसायी सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे.
ये भी पढ़ें: लातेहार : गारू में बढ़ती चोरी पर पुलिस सख्त, थाना प्रभारी ने दुकानदारों के साथ की बैठक
बैठक में शामिल लोग
बैठक में मोहम्मद तौफीक, गुड्डू साव, राम लखन प्रसाद, मोहम्मद जालिम आलम, रूपलाल महतो, बबलू कुमार, मोनू कुमार, संजय यादव, गुड्डू कुमार, आशीष गुप्ता, देवनंदन प्रसाद, मनोहर प्रसाद, बिरेंद्र प्रसाद, मोहम्मद अरशद, एजाज अहमद, अनिल कुमार, तैयब अंसारी, शमशाद आलम, सरवन गुप्ता, दिलीप साहू, इरफान आलम समेत कई व्यवसायी मौजूद थे.
