हिंदू जागेगा तभी विश्व का हो सकेगा कल्याण : सच्चिदानंद मिश्रा

हिंदू जागेगा तभी विश्व का हो सकेगा कल्याण : सच्चिदानंद मिश्रा

लातेहार ़ सकल हिंदू समाज आयोजक समिति, लातेहार के तत्वावधान में रविवार को स्थानीय पुराना पुलिस लाइन प्रांगण में भव्य विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष सह भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजधानी प्रसाद यादव ने की. सम्मेलन का विधिवत शुभारंभ अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के साथ किया. इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रांत संयोजक सच्चिदानंद मिश्रा एवं पलामू विभाग संघ चालक जानकी नंदन राणा विशेष रूप से उपस्थित थे. बाजारटांड़ से निकली भव्य शोभायात्रा : सम्मेलन से पूर्व शहर के बाजारटांड़ से भव्य शोभायात्रा निकाली गयी. गाजे-बाजे और जयघोष के साथ निकली यह यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए धर्मपुर के रास्ते पुलिस लाइन प्रांगण पहुंची, जहां सभा आयोजित की गयी. पूरा शहर भगवा झंडों और जय श्रीराम के नारों से गुंजायमान रहा. यात्रा में शामिल युवाओं और महिलाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था. राष्ट्र निर्माण के लिए संगठन जरूरी : मुख्य अतिथि सच्चिदानंद मिश्रा ने संघ के संस्थापक डॉ केशव बलिराम हेडगेवार के विचारों को साझा करते हुए कहा कि 27 सितंबर 1925 को विजयदशमी के दिन नागपुर में संघ की स्थापना हिंदू समाज को संगठित कर राष्ट्र निर्माण के उद्देश्य से हुई थी. उन्होंने जोर देकर कहा कि वर्तमान समय में समाज को संगठित एवं संरक्षित करना अनिवार्य है, क्योंकि जब हिंदू जागेगा तभी विश्व का वास्तविक जागरण संभव होगा. सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प : वहीं, विभाग संघ चालक जानकी नंदन राणा ने कहा कि सनातन समाज को एकजुट होकर सामाजिक समरसता और अपने सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा करनी चाहिए. इसके अलावा अध्यक्ष राजधानी प्रसाद यादव व वरीय अधिवक्ता राजमणि प्रसाद ने भी समाज की मजबूती पर विचार रखे. कार्यक्रम का सफल संचालन सुरेश ठाकुर ने किया. मौके पर नगर अध्यक्ष महेश सिंह, जिप अध्यक्ष पूनम देवी, भाजपा नेता राजन तिवारी, सरयू प्रसाद सिंह, जय कुमार सिंह, बंशी यादव, पंकज सिंह, अनिल सिंह, अमलेश सिंह, राजीव रंजन पांडेय, ऋतु रानी, कल्याणी पांडेय, शीला देवी समेत काफी संख्या में श्रद्धालु व गणमान्य लोग उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shailesh ambashtha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >