रूद गांव से मंजुआखाड़ जाने वाली सड़क जर्जर, 20 वर्ष से नहीं हुई मरम्मत

रूद गांव से मंजुआखाड़ जाने वाली सड़क जर्जर, 20 वर्ष से नहीं हुई मरम्मत

बारियातू़ प्रखंड के डाढ़ा पंचायत अंतर्गत मतकोमा गांव में प्रभात खबर आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान ग्रामीणों ने गांव की समस्याओं पर चर्चा की. मुख्य रूप से सड़क की समस्या सामने आयी. लोगों ने बताया कि डाढ़ा पंचायत के रूद गांव से मतकोमा, मंजुआखाड़ होते हेरहंज प्रखंड तक जाने वाली करीब आठ-नौ किमी ग्रामीण सड़क पिछले बीस वर्ष से जर्जर हालात में है. लोगों ने बताया कि यह ग्रेड वन पथ मिट्टी-मोरम व मेटल से बनी थी. यह पूरी तरह बदहाल हो चुकी है. डाढ़ा व फुलसू पंचायत की आधी आबादी सड़क के बदहाल होने से प्रभावित हो रही है. बारिश के दिनों में यह पथ गढ्ढे व कीचड़ में बदल जाता है. गर्मी में धूल व गड्ढों के कारण आवागमन दूभर हो जाता है. ग्रामीणों ने बताया कि पिछले 20 वर्षों में न तो सड़क का पुनर्निर्माण हुआ और न ही मरम्मत. ग्रामीण खुद ही चंदा कर सड़क को चलने योग्य बनाते रहे हैं. जनप्रतिनिधि व अधिकारियों ने कोई पहल नहीं की : गांव के यमुना लोहरा ने बताया कि कई दिनों से उक्त सड़क निर्माण की मांग हमलोग कर रहे हैं. जनप्रतिनिधि व अधिकारियों द्वारा भी कोई पहल नहीं हुई. चुनाव के समय बड़े नेता आते हैं, आश्वासन देकर चले जाते हैं. सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बने है. नुकीले पत्थर से बाईक, ऑटो, छोटे वाहन व पैदल यात्रियों के लिए खतरा बना रहता है. लाले उरांव ने कहा कि सड़क की खराब स्थिति से बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है. डूमरा, मतकोमा, बारीबाद, मंजुआखाड़, हेठार व बगमधवा से कई विद्यार्थी फुलसू हाई स्कूल, परियोजना प्लस टू उच्च विद्यालय समेत अन्य स्कूल में जाते हैं. जर्जर सड़क के कारण उन्हें परेशानी होती है. बारिश में बच्चे स्कूल तक नहीं पहुंच पाते. इंटर की छात्रा देवंती कुमारी ने कहा कि झारखंड बने 25 वर्ष हो गये. गांव की सड़क की हालत जर्जर है. शिक्षा,स्वास्थ्य सेवाओं का हाल भी दयनीय है. सड़क इतनी खराब है कि रोगियों को अस्पताल ले जाने में परेशानी होती है. कामेश उरांव ने कहा कि हमलोग अधिकारियों व नेताओं की कार्यप्रणाली से नाराज हैं. चुनाव जीतने के बाद नेता इधर झांकने भी नहीं आते. कई वर्षों से सड़क निर्माण को लेकर लिखित व मौखिक मांग की जा रही है, पर कार्रवाई नहीं हो रही. ग्रामीणों ने विधायक प्रकाश राम, सांसद कालीचरण सिंह, विभाग के अधिकारियों से रूद से लेकर मंजुआखाड़ गांव तक पथ के पक्कीकरण की ामांग की है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shailesh ambashtha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >