बरवाडीह, लातेहार : लगातार हो रही बारिश के कारण प्रखंड मुख्यालय के आदर्श नगर-छिपादोहर मार्ग स्थित बड़ी पुलिया क्षतिग्रस्त हो गयी है. आदर्श नगर छठ घाट के समीप छोटी पुलिया और बाबा साहब अंबेडकर चौक से छठ घाट तक जाने वाली सड़क भी जर्जर हो गयी है. सड़क और पुल-पुलिया के क्षतिग्रस्त होने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है.
मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक रामचंद्र सिंह ने उपायुक्त संदीप कुमार से मुलाकात कर बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों और पुल-पुलिया के पुनर्निर्माण के लिए डीएमएफटी और जिले के अन्य विकास मदों से राशि उपलब्ध कराने का आग्रह किया था. इसके बाद उपायुक्त के निर्देश पर विशेष प्रमंडल विभाग के अभियंताओं की टीम बरवाडीह पहुंची और विभिन्न स्थलों का सर्वे किया.
क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलियों का हुआ भौतिक सत्यापन
अभियंताओं की टीम ने स्थानीय जिला परिषद सदस्य संतोषी कुमारी और राजद के प्रदेश महासचिव अजय चंद्रवंशी के साथ विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया. इस दौरान क्षतिग्रस्त सड़क, पुल और पुलिया की स्थिति का भौतिक सत्यापन किया गया. साथ ही संबंधित योजनाओं का प्राक्कलन तैयार करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गयी.
अभियंताओं ने बताया कि विधायक की अनुशंसा पर प्रखंड क्षेत्र की कई विकास योजनाओं को भी इसमें शामिल किया गया है. सभी योजनाओं का प्राक्कलन तैयार कर विभाग को समर्पित किया जायेगा. इसके बाद निविदा प्रक्रिया शुरू की जायेगी.
बरसात के बाद निर्माण शुरू होने की उम्मीद
जिला परिषद सदस्य संतोषी कुमारी ने कहा कि बारिश से क्षतिग्रस्त सड़क, पुल और पुलिया के निर्माण को प्राथमिकता देने के लिए विधायक ने सार्थक पहल की है. बरसात समाप्त होते ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है.
विधायक रामचंद्र सिंह ने कहा कि क्षेत्र में पहले से स्वीकृत विकास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है. बारिश से क्षतिग्रस्त सड़क और पुल-पुलिया के पुनर्निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गयी है. आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द निर्माण कार्य शुरू कराया जायेगा.
