लातेहार. रक्षाबंधन के पर्व पर प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की पंपूकल (गिजनियाटांड़) शाखा की बहनों ने सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 32वीं वाहिनी पहुंचकर पुलिस अधिकारी व जवानों को रक्षा सूत्र बांधा. केंद्र की संचालिका बीके अमरमणी ने कमांडेंट राजेश सिंह समेत अन्य अधिकारियों एवं जवानों को रक्षा सूत्र बांधा. इस दौरान जवानों की दीर्घायु, सुख-समृद्धि और सुरक्षित जीवन की कामना की तथा देश की सेवा में निरंतर तत्पर रहने के लिए उनका उत्साहवर्धन किया गया. मौके पर उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन का पर्व केवल भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक नहीं, बल्कि सुरक्षा, विश्वास, स्नेह और कर्तव्य के प्रति समर्पण का भी संदेश देता है.
वीर जवानों को रक्षा सूत्र बांधना गौरव की बात
देश की सीमाओं और समाज की सुरक्षा में तैनात जवान अपने परिवार और व्यक्तिगत सुख-सुविधाओं से दूर रहकर राष्ट्र की सेवा करते हैं. ऐसे वीर जवानों को रक्षा सूत्र बांधना गौरव की बात है. इस दौरान उन्होने कमाडेंट श्री सिंह को इश्वरीय उपहार भेंट किया. मौके पर कमांडेंट राजेश सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन भारतीय संस्कृति का एक महत्वपूर्ण पर्व है, जो भाई-बहन के पवित्र प्रेम, विश्वास और एक-दूसरे की रक्षा के संकल्प को मजबूत करता है. ब्रह्मकुमारी बहनों द्वारा जवानों को रक्षा सूत्र बांधा जाना उनके लिए अत्यंत आत्मीय और प्रेरणादायक क्षण है. कार्यक्रम के दौरान अन्य अधिकारियों एवं जवानों ने भी अमरमणी व अन्य बीके बहनों से रक्षा सूत्र बंधवाया और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी.
ये भी पढ़ें: लतेहाए : बच्चों ने जवानों की कलाई पर राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया
