चंदवा, लातेहार : विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत मैपिंग से वंचित मतदाताओं को जारी नोटिस के बाद गुरुवार को लाधुप पंचायत भवन और प्रखंड कार्यालय सभागार में विशेष शिविर लगाया गया. शिविर में बड़ी संख्या में नोटिस प्राप्त मतदाता पहुंचे और निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने दावे व आपत्तियां प्रस्तुत कीं.
अधिकारियों की मौजूदगी में हुई दावों की सुनवाई
लाधुप पंचायत भवन में अंचलाधिकारी सुमित कुमार झा की मौजूदगी में मतदाताओं के दावों की सुनवाई की गयी. वहीं प्रखंड कार्यालय सभागार में सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी सह बीडीओ चंदन प्रसाद की उपस्थिति में राजकीय मध्य विद्यालय टूढामू, आंगनबाड़ी केंद्र धोबीटोला और नया कृषि भवन चंदवा से जुड़े मतदाताओं के दावों की सुनवाई हुई.
निर्वाचन कर्मियों ने मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत आवश्यक दस्तावेजों की जांच की. अधिकारियों और कर्मियों ने दावों व आपत्तियों से संबंधित प्रक्रिया के बारे में भी मतदाताओं को जानकारी दी.
नाम जोड़ने और त्रुटि सुधार की भी जानकारी
शिविर में नये मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के साथ नाम, पता और अन्य विवरणों में त्रुटि सुधार के लिए संबंधित प्रपत्र भरने की प्रक्रिया की जानकारी दी गयी.
अधिकारियों ने नोटिस प्राप्त मतदाताओं से अपील की कि वे निर्धारित शिविर में आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर अपना दावा प्रस्तुत करें, ताकि पात्र लोगों का नाम मतदाता सूची से नहीं कटे.
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण और निर्वाचन कार्य से जुड़े कर्मी मौजूद थे.
