लातेहार: शहर के सरस्वती विद्या मंदिर में अखिल भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के अंतर्गत संस्कृति ज्ञान महा अभियान का शुभारंभ किया गया. अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं, संस्कारों, महापुरुषों एवं राष्ट्रीय विरासत से परिचित कराते हुए उनमें राष्ट्रबोध और सांस्कृतिक चेतना का विकास करना है.
भारतीय संस्कृति और संस्कारों को बताया जरूरी
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह ने कहा कि बच्चों में भारतीय संस्कृति और संस्कारों का समावेश अत्यंत आवश्यक है. हमारी संस्कृति हमें अपनी गौरवशाली विरासत से जोड़ती है और जीवन को सही दिशा प्रदान करती है.
उन्होंने कहा कि संस्कृति ज्ञान महा अभियान भारतीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, संवर्धन तथा आने वाली पीढ़ी को भारतीय जीवन-मूल्यों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है.
कई लोग रहे मौजूद
मौके पर पूर्व आचार्य परिषद के विजय कुमार पाठक, विद्वत परिषद के सदस्य त्रिभुवन पांडेय, कृष्णकांत दुबे, रितेश कुमार शौंडिक, विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के सचिव राजीव रंजन कुमार पांडेय, मातृ भारती की अध्यक्ष रितु रानी पांडेय, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पलामू विभाग पर्यावरण प्रमुख धर्मेंद्र जायसवाल, सांसद प्रतिनिधि पंकज यादव, खेलकूद विभाग के विधायक प्रतिनिधि सिद्धार्थ सिंह सहित कई लोग उपस्थित थे.
कार्यक्रम में अतिथि परिचय ओंकार नाथ सहाय ने प्रस्तुत किया.
