लातेहार: गुरुवार दोपहर बाद हुई बारिश ने नगर पंचायत की नाली सफाई की पोल खोल दी. करीब दो घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित रहा. बारिश का पानी नालियों के ऊपर से बहते हुए ठाकुरबाड़ी मंदिर के आसपास स्थित दिलीप मशीनरी मार्ट और अमित चना दुकान में घुस गया. इससे दोनों दुकानों को काफी नुकसान हुआ.
घरों में भी घुसा नाली का गंदा पानी
इसके अलावा अशोक प्रसाद, संतोष और आनंद कुमार के घरों में भी नाली का गंदा पानी घुस गया. इससे परिवार के लोगों को काफी परेशानी हुई. अशोक प्रसाद के घर में रखा गेहूं पूरी तरह भींग गया.
नाली की सफाई के बावजूद जलजमाव
ज्ञात हो कि नगर पंचायत में पिछले एक माह से बरसात को लेकर नालियों की सफाई का काम किया जा रहा है. लेकिन गुरुवार को हुई बारिश ने नगर पंचायत की तैयारियों पर पानी फेर दिया.
प्रभावित लोगों ने कहा कि बरसात के दौरान लगातार पानी होने से उन्हें और भी परेशानी हो सकती है. मुख्य सड़क पर नाली की चौड़ाई अधिक है, लेकिन पानी निकासी वाले स्थान पर नाली की चौड़ाई काफी कम है. इसके कारण नालियों का पानी दुकानों और घरों में घुस गया.
