वन विभाग से मिली एनओसी, अब सरपट दौड़ेंगी गाड़ियां

वन विभाग से मिली एनओसी, अब सरपट दौड़ेंगी गाड़ियां

बरवाडीह़ प्रखंड के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में लंबे समय से अटकी प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के निर्माण में आने वाली सबसे बड़ी बाधा दूर हो गयी है. स्थानीय विधायक रामचंद्र सिंह के सार्थक प्रयासों के बाद वन विभाग ने लाभर से लात और लाभर से नावाडीह के बीच लगभग तीन-तीन किलोमीटर की अधूरी सड़कों के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) निर्गत कर दिया है. एनओसी मिलने के साथ ही इन महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं के पूर्ण होने का रास्ता साफ हो गया है. ग्रामीणों ने निकाली धन्यवाद यात्रा : सड़क निर्माण की बाधा दूर होने की खुशी में रविवार को लात पंचायत के दर्जनों ग्रामीणों ने धन्यवाद यात्रा निकाली. ग्रामीण गाजे-बाजे के साथ विधायक आवास पहुंचे और श्री सिंह का भव्य स्वागत किया. ग्रामीणों ने उन्हें फूल-माला और अंगवस्त्र पहनाकर आभार जताया. लात पंचायत अध्यक्ष राम प्रताप, पंसस प्रेमलता देवी व पूर्व मुखिया मंजू देवी ने कहा कि पक्की सड़क के अभाव में ग्रामीण खुद को मुख्यधारा से कटा महसूस करते थे, लेकिन अब आवागमन सुगम होगा. विकास को धरातल पर उतारना ही लक्ष्य : विधायक : मौके पर विधायक रामचंद्र सिंह ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि का प्राथमिक दायित्व जनता की समस्याओं का समाधान करना है. उन्होंने जोर देकर कहा कि वे झूठे वादों के बजाय विकास कार्यों को धरातल पर उतारने में विश्वास रखते हैं. इस मौके पर वरिष्ठ नेता अनिल सिंह, चंदन उरांव, विकास प्रसाद, उदयनाथ सिंह, चौथ सिंह व श्याम बिहारी प्रसाद समेत काफी संख्या में कार्यकर्ता व ग्रामीण उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shailesh ambashtha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >