संजय कुमार की रिपोर्ट
बरवाडीह (लातेहार). जिले के बरवाडीह प्रखंड क्षेत्र में एनजीटी की रोक के बावजूद रात के अंधेरे में कथित रूप से अवैध बालू उठाव और परिवहन किये जाने का मामला सामने आया है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि बालू कारोबार से जुड़े लोग रात में सक्रिय होकर औरंगा नदी से बालू का उठाव कर ट्रैक्टरों के माध्यम से इसकी ढुलाई कर रहे हैं.
चेकनाका के सामने बालू डंप करने का आरोप
स्थानीय लोगों के अनुसार, रबदी चेकनाका के सामने और आसपास के इलाके में भी रात के समय ट्रैक्टरों से बालू लाकर सड़क किनारे डंप किया जा रहा है. चेकनाका मौजूद होने के बावजूद उसके सामने बालू डंप किये जाने को लेकर ग्रामीणों में सवाल उठ रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि भारी बारिश के बाद औरंगा नदी से बड़ी मात्रा में बालू का उठाव कर जमा किया गया है. इसी का फायदा उठाकर अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोग नदी से बालू निकालकर उसका परिवहन कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: लातेहार: फसल और घर बचाने को लगायी करंट वाली बाड़, चपेट में आकर जंगली हाथी की मौत
रात में बढ़ी ट्रैक्टरों की आवाजाही
स्थानीय लोगों के मुताबिक, रात के समय बालू लदे ट्रैक्टरों की आवाजाही लगातार बढ़ गयी है. कई स्थानों पर सड़क किनारे और सड़क पर ही बालू जमा किये जाने की बात सामने आ रही है. सड़क पर बालू फैले होने से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है. तेज रफ्तार वाहनों के सामने अचानक सड़क पर बालू आने से वाहन के अनियंत्रित होने की आशंका बनी रहती है.
ये भी पढ़ें: बाघों के साथ पक्षियों का भी अनोखा संसार है पलामू टाइगर रिजर्व, 200 से अधिक प्रजातियां मौजूद
जांच और कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों का आरोप है कि रात के अंधेरे में अवैध बालू उठाव और परिवहन का काम लगातार जारी है, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही है. ग्रामीणों ने प्रशासन और खनन विभाग से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है. साथ ही रात में होने वाले अवैध बालू उठाव और परिवहन पर तत्काल रोक लगाने तथा सड़क किनारे डंप की गयी बालू को हटाने की मांग की है.
