प्रतिनिधि बालूमाथ
बालूमाथ के दो होनहारों ने नीट की परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर बालूमाथ का मान बढ़ाया है. गालिब कॉलोनी निवासी परवेज आलम उर्फ बबलू सर के पुत्र होजैफा ने नीट 2026 की परीक्षा में पहली ही कोशिश में शानदार सफलता हासिल की है. होजैफा ने 585 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया 15820 रैंक पाया है. होजैफा ने अपनी लगन, अनुशासन व निरंतर अध्ययन से यह सफलता पाई है. ज्ञात हो कि उसने इंटरमीडिएट (विज्ञान) में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर लातेहार जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया था. बताते चले कि उसके पिता शिक्षक है. होजैफा पहले भी प्रतिष्ठित रहमानी थर्टी के लिए भी चयनित हो चुके थे.
स्थानीय इंटर कॉलेज के शिक्षक सह एनसीसी के पूर्व इंचार्ज वसी इमाम की पुत्री आयशा वसी ने भी नीट 2026 में शानदार सफलता हासिल की है. आयशा वसी ने 578 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया 23 हजार रैंक हासिल की है. आयशा शुरू से ही मेधावी रही है. इससे पहले इंटरमीडिएट (विज्ञान) की परीक्षा में भी उसने लातेहार जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया था. आयशा वसी व होजैफा की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी. इनके अलावे बालूमाथ निवासी शमीम आरफी के पुत्र इनशा आरफी ने भी नीट की परीक्षा में 538 अंक प्राप्त कर सफलता प्राप्त की है. क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों, शिक्षकों, समाजसेवियो, मित्रों व शुभचिंतकों ने सभी सफल बच्चों के उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी है.
