लातेहार. जिला मुख्यालय समेत आसपास और ग्रामीण क्षेत्रों में सोमवार को हरितालिका तीज का पर्व पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. इस अवसर पर सुहागिन महिलाओं ने भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना कर पति की लंबी आयु और सुखी दांपत्य जीवन की कामना की.
मंदिरों में सामूहिक रूप से हुई पूजा
जिला मुख्यालय के संकट मोचन मंदिर, बिजली ऑफिस स्थित शिव मंदिर, लघु सिंचाई परिसर स्थित सोमेश्वर शिव मंदिर और अंबाकोठी स्थित देवी मंडप समेत कई मंदिरों में सुहागिन महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की. थाना चौक स्थित महावीर मंदिर में पंडित त्रिभुवन पांडेय के सानिध्य में पूजा संपन्न हुई. वहीं श्री वैष्णव दुर्गा मंदिर में पुजारी रामेश्वर पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा करायी.
इसके अलावा प्राचीन शिव मंदिर, पंचमुखी हनुमान मंदिर, राधाकृष्ण मंदिर, हनुमंत भवन और रेलवे स्टेशन स्थित सोमेश्वर शिव मंदिर परिसर में भी महिलाओं ने सामूहिक रूप से तीज की पूजा की. इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव और माता पार्वती की कथा सुनी और सामूहिक रूप से तीज के गीत गाये.
24 घंटे का निर्जला उपवास रखती हैं महिलाएं
वज्रांगदेव सेवा संस्थान के संस्थापक त्रिभुवन पांडेय ने बताया कि हरितालिका तीज के अवसर पर सुहागिन महिलाएं 24 घंटे का निर्जला उपवास रखती हैं और पति की लंबी आयु की कामना करती हैं. पर्व के अवसर पर महिलाओं ने परंपरागत पेडुकिया बनाकर भगवान शिव और माता पार्वती को अर्पित किया.
