ग्राम स्तरीय स्वशासन की मजबूती व कुरीतियों को दूर करने के लिये हुई बैठक
प्रखंड के साल्वे पंचायत अंतर्गत बारिखाप गांव स्थित नीलांबर-पीतांबर स्मारक स्थल परिसर में गुरुवार को पेसा कानून को लेकर खरवार-भोग्ता समाज के लोगों ने बैठक की.
बारियातू. प्रखंड के साल्वे पंचायत अंतर्गत बारिखाप गांव स्थित नीलांबर-पीतांबर स्मारक स्थल परिसर में गुरुवार को पेसा कानून को लेकर खरवार-भोग्ता समाज के लोगों ने बैठक की. इसकी अध्यक्षता समाज के प्रखंड अध्यक्ष बहादुर गंझू ने की. बैठक में बारियातू, बालूमाथ, हेरहंज व चंदवा प्रखंड के ग्राम प्रधान, पाहन, ओहदार, पनभरवा, ज्येष्ठ रैयत समेत समाज के अन्य पदधारी मौजूद थे. सबसे पहले ग्राम प्रधान, पेशा कानून ओहदार, पाहन, पनभरवा, छेड़िदार, गोड़िदार, चट्टा, परधया, खेरवार-भोग्ता समाज की पेशा कानून अंतर्गत परगणा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गयी. उपस्थित लोगों ने पेसा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन, ग्राम स्तरीय स्वशासन की मजबूती व सामाजिक कुरीतियों पर विचार-विमर्श किया. अपने सुझाव रखे. सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि ग्राम स्तरीय व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिये हर माह ग्राम प्रधान व पाहन की उपस्थिति में बैठक की जायेगी. साथ ही खरवार-भोग्ता समाज के घर-परिवार में होने वाले शादी-विवाह कार्यक्रम में डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध का निर्णय लिया गया. नियम नहीं माननेवालों पर सामाजिक कार्रवाई की सहमति बनी. समाज के किसी व्यक्ति की मौत या कुटमैती कार्यक्रम में कपड़ा की जगह आर्थिक सहयोग देने की बात कही गयी, ताकि पीड़ित जरूरतमंदों को मदद मिल सके. मौके पर समाज के केंद्रीय उपाध्यक्ष रामनाथ गंझू, विधायक प्रतिनिधि योगेंद्र भोग्ता, रूपलाल गंझू, जगदीश गंझू, जितराम गंझू, गोविंद पाहन, हलिंदर पाहन, रामसहाय गंझू, सुनील गंझू समेत कई लोग मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.