लातेहार: चंदवा-माल्हन-मैक्लुस्कीगंज पथ पर लोहरसी गांव के समीप तीखे मोड़ पर रविवार की तड़के एक तेज रफ्तार कोयला लोड हाइवा (सीजी15इडी-6875) अनियंत्रित होकर पलट गया. घटना के बाद सड़क पर कोयला बिखर गया. आसपास मौजूद घर के लोग बाल-बाल बच गये. दुर्घटना में हाइवा चालक आंशिक रूप से घायल हो गया.
सूचना के बाद चंदवा पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने कोयला और घटना संबंधी जांच शुरू कर दी. सूत्र बताते हैं कि उक्त मार्ग पर कोयला लोड वाहनों का परिचालन नहीं होता है. ऐसे में उक्त वाहन किस ओर से आ रहा था और इसमें लोड कोयला कहां का था, इसकी जांच जरूरी है.
पुनि सह थाना प्रभारी मनोरंजन प्रसाद सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त हाइवा में लोड कोयले से संबंधित कागजात प्रस्तुत करने को कहा गया है. जांच के बाद अग्रतर कार्रवाई की जाएगी.
घटना के बाद झामुमो नेता सौरभ श्रीवास्तव घटनास्थल पहुंचे. उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत की. उन्होंने कहा कि कोयला लोड वाहन का यह रूट नहीं लगता. इस रूट से कोयला लोड हाइवा का परिचालन संदिग्ध है. कहा कि पिछले दिनों इंदिरा गांधी चौक पर भी एक कोयला लोड हाइवा दुर्घटनाग्रस्त हो गयी थी. वह वाहन भी मैक्लुस्कीगंज की ओर से आ रहा था.
उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की जांच की मांग की. कहा कि वह इस मामले में जिला खनन पदाधिकारी और जिला परिवहन पदाधिकारी से भी जानकारी मांगेंगे. चंदवा शहर और मैक्लुस्कीगंज मार्ग पर हाइवा परिचालन पर उन्होंने चिंता व्यक्त की.
