महुआडांड़़ लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ओरसा घाटी में एक अनियंत्रित बस के पलट जाने से भीषण सड़क हादसा हुआ. दुर्घटना के बाद काफी देर तक बस में सवार बच्चे, महिलाएं, वृद्ध और पुरुष फंसे रहे. बस के नीचे दबने और पलटते समय यात्रियों के चेहरे, हाथ-पैर और सिर पर गंभीर चोटें आयी हैं. यह मंजर इतना भयानक था कि घंटों कई यात्री बस के मलबे और लोहे की बॉडी के नीचे दबे पड़े रहे. मुखिया के नेतृत्व में ग्रामीणों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन : घटना के तुरंत बाद ओरसा गांव के निवासी सलमान अहमद, पीतांबर यादव, रहमान अहमद, पप्पू यादव, रामप्रसाद यादव, मुकेश नगेसिया, विकेश नगेसिया, संदीप प्रसाद व सतेंद्र नगेसिया ने मुखिया अमृता देवी के नेतृत्व में अभूतपूर्व तत्परता दिखायी. ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर बस में फंसे लोगों को निकालना शुरू किया और एंबुलेंस को सूचना दी. मौके पर थाना प्रभारी मनोज कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे और घायलों को तत्काल महुआडांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और कार्मेल हॉस्पिटल भिजवाया. अस्पताल में उमड़ा जनसैलाब, प्रशासन रहा अलर्ट : हादसे की खबर मिलते ही सीएचसी में सैकड़ों की संख्या में लोग मदद के लिए जुट गयें. अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) विपिन कुमार दुबे, एसडीपीओ शिवपूजन बहेलिया, सांसद प्रतिनिधि संजय जायसवाल, कांग्रेस नेता अमीर सुहेल, नूरुल हसन अंसारी, उपप्रमुख अभय मिंज और जेएमएम सचिव परवेज आलम समेत कई जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे. अधिकारियों ने निजी वाहनों को भी एंबुलेंस के रूप में अधिग्रहित किया ताकि घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सके. छत्तीसगढ़ से भी पहुंची मदद : पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ के कुसमी एसडीएम चरून डहेरिया भी सूचना मिलते ही महुआडांड़ पहुंचे. उन्होंने कार्मेल अस्पताल में घायलों की स्थिति जानी और कुसमी से मंगायी गयी दो एंबुलेंस के जरिये छह गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर (छत्तीसगढ़) रेफर करवाया. उन्होंने महुआडांड़ एसडीओ से घटना की विस्तृत जानकारी ली और गहरी संवेदना व्यक्त की. चिकित्सकों की टीम और 11 एंबुलेंस तैनात : एसडीओ विपिन कुमार दुबे ने बताया कि अस्पताल को ””””हाई अलर्ट”””” पर रखा गया है. घायलों की बड़ी संख्या को देखते हुए मनिका और गारू से चिकित्सकों की विशेष टीम बुलायी गयी है. साथ ही, गुमला जिले से 11 एंबुलेंस मंगायी गयी है ताकि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को रांची या अन्य बड़े केंद्रों पर भेजा जा सके. फिलहाल सभी घायलों का स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार जारी है. पूर्व विधायक ने जताया शोक : मनिका के पूर्व विधायक हरिकृष्ण सिंह ने इस दुर्घटना पर गहरा शोक जताया है. उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुखद घड़ी है. उन्होंने राज्य सरकार से मांग की है कि मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाये और सभी घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सरकार अपने खर्च पर सुनिश्चित करे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
