बरवाडीह(लातेहार). जनसंघ के दौर के वरिष्ठ नेता बृज किशोर प्रसाद की आज दूसरी पुण्यतिथि मनाई गई. बरवाडीह स्थित उनके पैतृक आवास पर एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन हुआ. कार्यक्रम में परिवार के सदस्यों के अलावा उनके राजनीतिक सहयोगियों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने शामिल होकर स्वर्गीय बृज किशोर प्रसाद को श्रद्धांजलि अर्पित की.
परिजनों और सहयोगियों ने तस्वीर पर अर्पित किए पुष्प
पुण्यतिथि के अवसर पर परिजनों ने उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी. उनकी माता, पत्नी, पुत्र राज रोशन, भाई नवल किशोर प्रसाद समेत परिवार के अन्य सदस्यों ने उन्हें याद करते हुए उनके व्यक्तित्व तथा सामाजिक एवं राजनीतिक योगदान को स्मरण किया.
इसके बाद उनके लंबे समय तक राजनीतिक साथी रहे लोगों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी बारी-बारी से तस्वीर पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी.
जनसंघ के दौर में संगठन को मजबूत करने में निभाई भूमिका
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि बृज किशोर प्रसाद ने जनसंघ के दौर में क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी थी. उदाहरण के तौर पर, उन्होंने बरवाडीह में जनसंघ की एक मजबूत इकाई स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई, जिससे उस क्षेत्र में पार्टी की पकड़ मजबूत हुई. वे अपने सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और राजनीतिक सक्रियता के लिए लोगों के बीच लोकप्रिय थे.
वक्ताओं ने कहा कि उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में एक रिक्तता उत्पन्न हुई, जिसकी भरपाई कठिन है.
स्मृतियों को नमन कर बताए मार्ग पर चलने का संकल्प
श्रद्धांजलि सभा में द्वारिका प्रसाद, इकबाल सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज प्रसाद, सुनील सिंह, दीपक राज, नंददेव सिंह, सुबोध कुमार, अमर प्रसाद, नंदलाल प्रसाद, प्रवीण कुमार, उपेंद्र प्रसाद, विवेक सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे. सभी ने उनकी स्मृतियों को नमन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया.
ये भी पढ़ें: लातेहार के जंगल से भटककर पहुंचा घायल कोटरा, वन विभाग ने किया रेस्क्यू
