सुमित कुमार की रिपोर्ट चंदवा (लातेहार). चंदवा प्रखंड के बोदा गांव से फूलटांड़ जाने वाली सड़क बारिश के कारण इन दिनों ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है. करीब एक किलोमीटर सड़क पूरी तरह कीचड़ में बदल गयी है. स्थिति ऐसी है कि इस रास्ते पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. वहीं, दोपहिया वाहन चालक आए दिन फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं.
कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क की बदहाली को लेकर कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से शिकायत की गयी है. ग्रामीणों ने विधायक, जिला परिषद सदस्य और मुखिया से भी सड़क की मरम्मत कराने की मांग की, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है.
ये भी पढ़ें: लातेहार: फसल और घर बचाने को लगायी करंट वाली बाड़, चपेट में आकर जंगली हाथी की मौत
दो गांवों को जोड़ता है महत्वपूर्ण मार्ग
ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क बियरजंघा और चिरो गांव को जोड़ती है. बारिश के दौरान सड़क पर कीचड़ जमा हो जाने से लोगों का आवागमन काफी प्रभावित होता है. ग्रामीणों को प्रखंड मुख्यालय आने-जाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ता है.
ये भी पढ़ें: बरवाडीह: NGT की रोक के बावजूद औरंगा नदी से रात में अवैध बालू उठाव, चेकनाका के सामने ही हो रही डंपिंग
जल्द मरम्मत की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की स्थिति खराब होने के कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है. ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि बारिश के दिनों में आवागमन सुचारु हो सके.
