लातेहार. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीति में 25 वर्ष पूरे हो गए हैं. इसी उपलक्ष्य में भाजपा की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा. अभियान के तहत पूरे एक माह तक जिले में 12 प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इसकी जानकारी भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अजय कुमार शाह ने रविवार को दी.
सेवा, समर्पण और सुशासन की यात्रा से लोगों को जोड़ने की तैयारी
अजय कुमार शाह ने बताया कि अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, समर्पण और सुशासन के 25 वर्षों की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाना है. इसके तहत विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को सेवा कार्यों और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा.
‘आशीर्वाद का दिया’ से लेकर चित्रकला प्रतियोगिता तक
अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम में दीप प्रज्वलन एवं जन आभार कार्यक्रम होगा. वहीं ‘मेरे सपनों का भारत’ के तहत चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी. ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के तहत संगीतमय नाट्य प्रस्तुति भी होगी.
गांव-गांव चलेगा सेवा और संवाद का अभियान
‘गांव-गांव तक, आंगन मिलन सेवा’ के तहत आंगनबाड़ी सम्मान एवं मातृ संवाद का आयोजन किया जाएगा. ‘सेवा की कहानी’ के माध्यम से बदलाव की वास्तविक कहानियां सामने लायी जाएंगी. वहीं प्रत्येक व्यक्ति केंद्रित 10 रील भी तैयार की जाएंगी.
‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ से विकसित भारत का संकल्प
‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के तहत विकसित भारत का संकल्प लिया जाएगा. वहीं ‘वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा’ के माध्यम से जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा निकाली जाएगी. इन कार्यक्रमों के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेवा यात्रा को लोगों तक पहुंचाने की योजना है.
ये भी पढ़ें: पंडरिया में जर्जर सड़कों से ग्रामीणों को मिली राहत, समाजसेवी ने निजी खर्च से कराई मरम्मत
सरकार आपके द्वार से लेकर इनोवेशन चैलेंज तक
‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत जनभागीदारी से सेवा कार्य किए जाएंगे. ‘सेवा सेतु अभियान’ के माध्यम से सरकार आपके द्वार कार्यक्रम आयोजित होगा. ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ के तहत आभार एवं संकल्प की रंगोली बनायी जाएगी. वहीं ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के तहत पांच क्षेत्रीय इनोवेशन चैलेंज आयोजित किए जाएंगे.
पंचायत से लोकसभा स्तर तक होगा जनसेवक महाकुंभ
‘सुशासन सेवा संवाद’ के तहत जनसेवक महाकुंभ का आयोजन किया जाएगा. यह कार्यक्रम पंचायत से लेकर लोकसभा और विधानसभा स्तर तक आयोजित होगा. प्रदेश प्रवक्ता ने इस दौरान केंद्र की मोदी सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं.
मौके पर जिला उपाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, जिला मंत्री मुकेश पांडे, जिला मंत्री ध्रुव पांडे, कोषाध्यक्ष विष्णु देव गुप्ता समेत कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे.
ये भी पढ़ें: CCL हजारीबाग एरिया के जर्जर क्वार्टर होंगे ध्वस्त, शुरू हुआ सर्वे
