बालूमाथ, लातेहार : कोयला लदे हाईवा और ट्रकों की लगातार आवाजाही से बालूमाथ बाजार इन दिनों जाम, धूल और जर्जर सड़क की समस्या से जूझ रहा है. इन समस्याओं को लेकर रविवार को बेसिक स्कूल परिसर में व्यवसायी संघ की बैठक हुई. व्यवसायियों ने नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी कि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जायेगा.
व्यवसायियों ने कहा कि तुबैद, तेतरियाखांड और मगध कोलियरी से निकलने वाले भारी वाहन कोयला लेकर बालूमाथ मुख्य बाजार से होकर गुजरते हैं. दिनभर भारी वाहनों की आवाजाही से सड़क कई जगह जर्जर हो गयी है और बड़े-बड़े गड्ढे बन गये हैं. वाहनों के गुजरने पर सड़क से उड़ने वाली धूल आसपास की दुकानों और घरों में पहुंच रही है.
जाम और धूल से कारोबार पर असर
व्यवसायियों के अनुसार, जाम के कारण लोगों को घंटों सड़क पर फंसे रहना पड़ता है और कारोबार भी प्रभावित हो रहा है. धूल के कारण लोगों को परेशानी हो रही है. कपड़ा दुकानों, श्रृंगार स्टोर और होटलों में रखे सामान भी धूल से खराब हो रहे हैं.
समस्या को लेकर संघ की ओर से अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी को आवेदन सौंपकर सड़क की मरम्मत, धूल पर नियंत्रण और जाम की समस्या से निजात दिलाने की मांग की गयी है.
संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि एक सप्ताह के भीतर ठोस पहल नहीं हुई, तो व्यवसायी सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे.
बैठक में मोहम्मद तौफीक, गुड्डू साव, राम लखन प्रसाद, मोहम्मद जालिम आलम, रूपलाल महतो, बबलू कुमार, मोनू कुमार, संजय यादव, गुड्डू कुमार, आशीष गुप्ता, देवनंदन प्रसाद, मनोहर प्रसाद, बिरेंद्र प्रसाद, मोहम्मद अरशद, एजाज अहमद, अनिल कुमार, तैयब अंसारी, शमशाद आलम, सरवन गुप्ता, दिलीप साहू, इरफान आलम समेत कई व्यवसायी मौजूद थे.
