मतदाता दिवस पर निकली जागरूकता रैली, उपायुक्त ने दिलायी शपथ
लातेहार : मतदाता दिवस पर 25 जनवरी की सुबह आठ बजे से शहर के कारगिल पार्क से समाहरणालय तक मतदाता जागरूकता रैली निकाली गयी. डीडीसी अनिल कुमार सिंह व निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी वरुण रंजन ने जागरूकता रैली का शुभारंभ किया.
रैली में विद्यार्थियों ने ‘एक दो तीन चार वोट करेगा लातेहार’ समेत मतदाताओं को जागरूक करने संबंधी नारे लगाये. डीडीसी अनिल कुमार सिंह ने उपस्थित सभी लोगों को मतदान की शपथ दिलायी. इसके बाद यहां मानव शृंखला का निर्माण कर लोगों से शांतिपूर्ण तथा निष्पक्ष मतदान की अपील की गयी. जबकि अपराह्न 11 बजे से समाहरणालय के सभागार में राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर उपायुक्त प्रमोद कुमार गुप्ता ने उपस्थित गण्यमान्य लोगों एवं समाहरणालय कर्मियों को मतदाता प्रतिज्ञा दिलायी. मौके पर जिप अध्यक्ष सुनीता देवी उपस्थित थीं. इस मौके पर उपायुक्त ने कहा कि इस शपथ को आत्मसात करने की आवश्यकता है.
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र भारत के जागरूक नागरिक होने के नाते सभी को अपने अधिकार एवं दायित्वों का निर्वहन करते हुए मतदान अवश्य करना चाहिए. ऐसे लोग जो अभी भी समाज में मताधिकार से वंचित हैं उनके बीच विशेष मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जायेगा. उन्होंने कहा कि जिले के आदिम जनजाति के कुछ सदस्य अभी भी मतदान प्रक्रिया से खुद को अलग रखते हैं. उन्हें जागरूक करने के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया जायेगा. उपायुक्त ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर अपने उत्कृष्ट कार्य के लिए अनुमंडल पदाधिकरी वरुण रंजन को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया.
पूर्व के चुनाव कार्यों में अपनी महत्ती भूमिका के लिए आइटीडीए निदेशक सतेंद्र तिवारी को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया़ कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने नये युवा मतदाताओं को इपीक कार्ड प्रदान किया.मौके पर अपर समाहर्ता नेलशन एयोन बागे, उप निवार्चन पदाधिकारी प्रिंस गार्डवीन कुजूर, पुलिस उपाधीक्षक एम रहमान, सार्जेंट मंटू यादव, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शिवानंदन बड़ाइक, नवल किशोर प्रसाद, सुजीत कुमार दास समेत बनवारी साहू महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक आदि उपस्थित थे.
