बालूमाथ : बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पिछले कई दिनों से सरकार की तरफ से मुफ्त में दी जानेवाली दवा खत्म हो गयी है. इससे मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. बालूमाथ अस्पताल की ओपीडी में रोजाना 400 से 500 मरीज इलाज कराने आते हैं.
जबकि इमरजेंसी में 25 से 30 मरीजों का इलाज होता है. उग्रवाद प्रभावित बालूमाथ, बारियातू एवं हेरहंज प्रखंड के मरीज रोजाना अपना इलाज कराने बालूमाथ अस्पताल पहुंचते हैं. केंद्र में दवा नहीं होने के कारण मरीजों को बाहर से दवा खरीदनी पड़ती है.
इससे गरीब मरीजों को काफी परेशानी होती है. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अमरनाथ ने कहा कि दवा समाप्त होने की सूचना 15 दिन पूर्व सिविल सर्जन को दे दी गयी है लेकिन अभी तक दवा उपलब्ध नहीं करायी गयी है. इससे पूर्व चिकित्सा प्रभारी को दवा खरीदने का पूर्ण अधिकार प्राप्त था लेकिन इन दिनों दवा खरीदने के अधिकार को समाप्त कर दिया गया है.
वहीं पिछले सप्ताह जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष राजधानी यादव के नेतृत्व में बालूमाथ अस्पताल का औचक निरीक्षण किया गया था जिसमें दवा समाप्त होने की बात उपाध्यक्ष के समक्ष चिकित्सकों ने रखी थी. राजधानी यादव ने कहा कि दवा समाप्त होने की सूचना बीस सूत्री की बैठक में उठायी गयी है. शीघ्र ही दवा उपलब्ध करा दी जायेगी.
