युवा कार्य विभाग के तत्वावधान में संगोष्ठी निबंध व भाषण प्रतियोगिता
लातेहार : उप विकास आयुक्त अनिल कुमार सिंह ने कहा कि छात्रों का लक्ष्य सिर्फ डाक्टर या इंजीनियर बनना ही नहीं हो. छात्रों को कला से व संस्कृति के प्रति भी रुझान होना चाहिए. पुरातात्विक अवशेष एवं धरोधरों की जानकारी भी उन्हें होनी चाहिए. श्री सिंह झारखंड सरकार के पर्यटन, संस्कृति, खेलकूद व युवा कार्य विभाग के तत्वावधान में राज्य संग्राहलय रांची द्वारा आयोजित संगोष्ठी निबंध व भाषण प्रतियोगिता के उदघाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे.
उन्होंने झारखंड के महेंद्र सिंह धौनी एवं दीपिका का उदाहरण देते हुए कहा कि आज खेल कैरियर का एक बेहतर विकल्प बन कर उभर रहा है. उप विकास आयुक्त ने चंदवा के नगर में मां उग्रतारा महोत्सव का आयोजन धूम धाम से करने की बात कही. मौके पर रांची विश्वविद्यालय के जनजातियों भाषा के अध्यक्ष गिरधारी राम गंझू ने बताया कि झारखंड में कई इलाकों में मोहन जोदाड़ो की सभ्यता के अवशेष प्राप्त हुए हैं. इसके बारे में छात्रों को जानकारी देना आवश्यक है.
संत जेवियर कॉलेज के हिंदी विभागाध्यक्ष कमल किशोर घोष ने कहा कि पाषाण काल के कई छोटे-बड़े औजार व चित्र आदि मिले हैं तो हमें यह बताया है कि पाषाण युग में भी शिकार किया जाता था.
गांधी इंटर कालेज के व्याख्याता रामटहल साहु एवं जवाहर नवोदय विद्यालय के निरानंद किशोर ने कहा कि सिविल परीक्षाओं में सफल होने के लिए पौराणिक व पुरातात्विक अवशेषों की जानकारी छात्रों को होना चाहिए. इससे पहले अतिथियों को बुके भेंट कर सम्मानित किया गया. मौके पर गांधी इंटर कालेज के उप प्राचार्य सुनील कुमार, महेंद्र सिंह, व्याख्याता दशरथ प्रसाद, उमा कुमारी, शशि बाला, दीपक प्रसाद, सूर्यदेव उरांव, सुदामा प्रसाद गुप्ता, अमित कुमार व अनिल कुमार समेत कई लोग उपस्थित थे.
