लातेहार : लातेहार जिला मुख्यालय समेत ग्रामीण क्षेत्रों में गुरुवार को ईद का त्योहार पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. ईद को लेकर सुबह से ही हर्षोल्लास का माहौल था. शहर के अंबाकोठी स्थित जामा मसजिद में प्रात: 09.15 बजे ईद की नमाज अता की गयी और आपसी भाईचारा एवं विश्व शांति की कामना की गयी.
इसके बाद लोगों ने एक दूसरे के गले लग कर ईद की मुबारकबाद दी. शहर के अमवाटीकर स्थित मसजिद में भी पूर्वाह्न 9.20 बजे, डुरुआ मसजिद में 09.30 बजे, इचाक ईदगाह में 9.00 बजे ईद की नमाज अता की गयी और लोगों ने एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी.
शहर से सटे डुरुआ, करकट, नावागढ़, तरवाडीह, पोचरा, इचाक, धनकारा समेत कई इलाकों के मसजिदों में ईद की नमाज अता की गयी और लोगों ने एक दूसरे के गले लग कर ईद की शुभकामनाएं दी. इस दौरान पुलिस बल को पूरी तरह सतर्क देखा गया. पुलिस निरीक्षक कपिलदेव सिंह एवं प्रभारी थानेदार आलोक दुबे के नेतृत्व में पुलिस बल के जवान शहर के तकरीबन हर चौक चौराहों पर तैनात थे.
