करीब ढाई करोड़ की लागत से बना है भवन
चंदवा : इंदिरा गांधी चौक के समीप एनएच 99 पर बने महिला आद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान भवन की चहारदीवारी पहली बारिश में ही ढह गयी. बुधवार की दोपहर हुई तेज बारिश में भवन के दो तरफ की चहारदीवारी गिर गयी. सूत्रों के मुताबिक, पलामू के संवेदक रमेश तिवारी द्वारा उक्त भवन का निर्माण तकरीबन 2.5 करोड़ रुपये की लागत से कराया गया. एक वर्ष पूर्व बना यह आइटीआइ भवन सह छात्रावास अब तक विभाग को हैंडओवर नहीं किया गया है. पहली बरसात में चहारदीवारी गिरने से भवन की गुणवत्ता पर सवालिया निशान लगने लगा है.
भवन के अंदर बारिश का पानी घुस रहा है. बाउंड्री का निर्माण बगैर फाउंडेशन व ढलायी के कर दिया गया है. कहीं भी पिलर का उपयोग नहीं हुआ है.
बतातें चलें कि उक्त आइटीआइ भवन कृषि फार्म की जमीन पर बनाया गया है. भवन निर्माण के पूर्व इस जमीन पर खेती हुआ करती थी. चारों तरफ पानी का बहाव होता है. इस बाबत प्रखंड विकास पदाधिकारी देवानंद राम ने कहा कि जांच कर कार्रवाई की जायेगी.
