दुर्भाग्य. आदिम जनजातियों को 10 माह से नहीं मिल रहा राशन
बिसुनबांध पंचायत के तेवरही गांव के लोगों ने विधायक से लगायी गुहार
मनिका : प्रखंड की बिसुनबांध पंचायत के तेवरही गांव के आदिम जनजाति परहिया समुदाय के लोगों को पिछले दस माह से राशन नहीं मिल रहा है.लोगों ने विधायक हरिकृष्ण सिंह से राशन दिलाने की गुहार लगायी.
सिपट परहिया ने बताया कि 10 माह से राशन नहीं मिला है, किसी तरह गेठी कंदा खाकर बाल बच्चों के साथ गुजारा कर रहे हैं. वहीं मुनिया परहिन ने कहा कि पहले राशन मिलता था. अब क्यों नहीं मिल रहा है, इसकी जानकारी उसे नहीं है.
अशोक परहिया, राजो देवी, बसंती देवी, सुरेंद्र परहिया, परमिला परहिन, सावन परहिया, विशोख परहिया ने बताया कि हमलोग भूखे मरने को विवश हैं. सरकार से मिलने वाली किसी प्रकार की सुविधा नहीं मिल रही है. इस संबंध में एसडीएम कमलेश्वर नारयण ने कहा कि आदिम जनजाति के परिवारों को राशन नहीं मिल रहा है, इसकी जांच कर कार्रवाई की जायेगी.
परहिया ने की चबूतरे की मांग : बिसुनबांध पंचायत के तेवरही गांव के परहिया समुदाय के लोगों ने विधायक हरिकृष्ण सिंह से सामुदायिक चबूतरा की मांग की. सिपट परहिया ने कहा कि चबूतरा बन जाने से उन लोगों को एक साथ बैठने का जगह मिल जायेगा. वहीं लोगों ने बिरसा आवास की मरम्मत कराने की भी मांग की. विधायक ने लोगों को आश्वस्त किया कि बहुत जल्द चबूतरा निर्माण करा दिया जायेगा.
