मोटरसाइिकल से तीन युवकों को उठा ले गये थे दो उग्रवादी
दो को मुरगांव पहुंचने के बाद छोड़ दिया था
बालूमाथ : बालूमाथ थाना क्षेत्र के बिशुनपुर ग्राम के थलिया टोला में सोमवार की सुबह एक सिर कटा शव बरामद किया गया. शव की पहचान चंदवा थाना क्षेत्र के निंद्रा निवासी लरेवा गंझु के पुत्र प्रभु गंझु (25) के रूप में हुई. छानबीन में मालूम हुआ कि टीपीसी उग्रवादियों ने प्रभु गंझु की सिर काट कर हत्या की. बालूमाथ पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार भेज दिया.
लातेहार एसडीपीओ पुरुषोत्तम सिंह ने बताया कि यह घटना टीपीसी उग्रवादियों द्वारा की गई है. घटना के संबंध में बताया जाता है कि रविवार की रात्रि निंद्रा ग्राम में लोग सरहुल मना रहे थे. इसी बीच हथियारों से लैस दो वर्दीधारी उग्रवादी प्रभु गंझु, अमन गंझु, एवं मोहनपुर का एक युवक को यह कहते हुए अपने साथ ले गये कि हमलोग टीपीसी उग्रवादी हैं, हमें मुरगांव तक पहुंचा दें . तीनों युवक व दोनों उग्रवादी दो मोटरसाइकिल से मुरगांव पहुंचे. इसके बाद उग्रवादियों ने अमन गंझु व मोहनपुर के युवक को यह कहते हुए छोड़ दिया कि तुमलोग घर जाओ और प्रभु गंझु को अपने साथ लेकर बिशुनपुर की ओर निकल गये.
सोमवार की सुबह थलिया के ग्रामीणों ने मुखिया अरविंद उरांव को सूचना दी कि थलिया के जंगल में सिर कटी लाश पड़ी है. मुखिया ने इसकी सूचना पुलिस को दी. शव मिलने के बाद भोक्ता समाज के कई नेताओं ने बालूमाथ थाना पहुंचकर एसडीपीओ पुरुषोत्तम सिंह, बीडीओ अर्जुन राम, पुलिस इंस्पेक्टर संजीव मिश्रा व थाना प्रभारी अजय कुमार से मुलाकात कर मृतक के परिजनों को दस लाख रुपये मुआवजे, सरकारी नौकरी एवं आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की.
पदाधिकारियों द्वारा मृतक के परिजनों को पारिवारिक लाभ योजना के तहत दस हजार रुपये एवं सहायता राशि के रूप में एसपी लातेहार की ओर से पांच हजार रुपये दिये गये.
