पलामू में एक परिसर में बनेंगे 4 विशेष थाने, डीआईजी-एसपी ने किया शिलान्यास; साइबर फ्रॉड से मानव तस्करी तक पर होगी कार्रवाई

मेदिनीनगर में पलामू पुलिस के आधुनिकीकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. पोखराहा में एक ही परिसर में चार विशेष विंग के थानों का निर्माण होगा. यह कदम अपराधों से निपटने और आम जनता को त्वरित न्याय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.

मेदिनीनगर, पलामू: पलामू जिला पुलिस के आधुनिकीकरण और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. सदर थाना क्षेत्र के पोखराहा स्थित मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के समीप एक ही परिसर में चार विशेष विंग के थानों के नये भवनों की आधारशिला रखी गयी. पलामू रेंज के डीआईजी किशोर कौशल और पलामू एसपी कपिल चौधरी ने संयुक्त रूप से विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कर एकीकृत पुलिस कॉम्प्लेक्स का शिलान्यास किया.

इस नये परिसर में साइबर अपराध थाना, महिला थाना, मानव तस्करी विरोधी इकाई (एएचटीयू) और अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति (एससी-एसटी) थाना का निर्माण कराया जायेगा.

एक परिसर में होंगे चार विशेष थाने

मौके पर डीआईजी किशोर कौशल ने कहा कि परियोजना का मुख्य उद्देश्य बदलते दौर के अपराधों से निपटना और आम जनता को त्वरित न्याय दिलाना है. वर्तमान में ये विशेष थाने शहर के अलग-अलग हिस्सों में पुराने भवनों में संचालित हो रहे थे, जिससे पीड़ितों को परेशानी का सामना करना पड़ता था.

उन्होंने कहा कि चारों तकनीकी और विशेष विंग के एक ही परिसर में आने से पुलिसिंग अधिक उत्तरदायी बनेगी और आपसी समन्वय बेहतर होगा.

मेडिकल कॉलेज के पास होने का मिलेगा लाभ

डीआईजी ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के पास स्थान का चयन होने से महिला उत्पीड़न और पॉक्सो एक्ट जैसे मामलों में त्वरित मेडिकल जांच और फॉरेंसिक साक्ष्य संकलन कम समय में पूरा किया जा सकेगा. इससे अदालतों में मामलों के प्रभावी अनुसंधान और अपराधियों को सजा दिलाने में भी मदद मिलेगी.

कमजोर वर्गों को त्वरित न्याय पर जोर

पलामू एसपी कपिल चौधरी ने कहा कि पुलिस का मुख्य काम समाज के सबसे अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को सुरक्षा का अहसास कराना है. इस परिसर के चालू होने से जिला पुलिस अधिक उत्तरदायी, संवेदनशील और परिणामोन्मुखी बनेगी. कमजोर और शोषित वर्गों को त्वरित एवं निष्पक्ष न्याय दिलाने की प्रक्रिया में तेजी आयेगी.

साइबर फ्रॉड और मानव तस्करी से निपटने पर जोर

एसपी ने कहा कि पलामू जैसे भौगोलिक रूप से बड़े, सुदूरवर्ती और संवेदनशील जिले में अपराध के बदलते स्वरूप से निपटना चुनौती है. विशेषकर साइबर फ्रॉड, महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराध और मानव तस्करी जैसी गंभीर चुनौतियों से निपटने के लिए जिला पुलिस को अत्याधुनिक संसाधनों से लैस करना इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य है.

मौके पर एसडीपीओ चिरंजीवी मंडल, सार्जेंट मेजर सुरेश राम, टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार, सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी, महिला थाना प्रभारी पार्वती कुमारी सहित कई लोग मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By शुभम राय

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >