बालूमाथ : लातेहार उत्पाद अधीक्षक शिव साहू के नेतृत्व में बालूमाथ पुलिस के सहयोग से प्रखंड के चमातु व इचाक गांव में शराब के विरुद्ध छापामरी अभियान चलाया गया.
इस अभियान में भारी मात्रा में अवैध व नकली शराब बरामद की गयी. बुधवार की दोपहर चमातु गांव के आदित्य साहू की दुकान से नकली इम्पीरियल ब्लू कंपनी की दो पेटी (48 नग) व तीन पेटी (72 नग) गॉड फादर केन बीयर बरामद की गयी. वहीं इचाक गांव निवासी पप्पू कुमार की दुकान से नकली रॉयल स्टैग की एक पेटी (48 नग), एक पेटी हाफ (24 नग) तथा दो पेटी बीयर(48 नग)की बरामद हुई.
श्री साहू ने बताया कि इस छापामारी अभियान में दोनों दुकानदार भागने में सफल रहे. बड़ी मात्रा में नकली शराब जब्त की गयी है. उन्होंने बताया कि जानकारी मिली थी कि नकली शराब जालिम गांव निवासी रंजन प्रसाद पिता आदित्य साव कई महीनों से सप्लाई कर रहा है. उत्पाद विभाग को उसकी तलाश है.
उन्होंने बताया कि नकली शराब को यहां खपाने के लिये पूरा रैकेट काम करता है. ये लोग हरियाणा व अरुणाचल प्रदेश से जुबली नामक अंग्रेजी शराब सौ रुपये में 12 पीस लाते हैं. उसे जैसे ब्रांडेड बोतलों में भरकर होलोग्राम का नकली स्टीकर लगाकर ग्रामीण क्षेत्रों की दुकान में सप्लाई कर खपाते हैं. इधर, रंजन प्रसाद ने दूरभाष पर कहा कि इस नकली शराब की खेप में उसका कोई हाथ नहीं है.
